कफ सिरप कांड में वैभव जायसवाल की गिरफ्तारी के बाद सपा नेता ने दी सफाई, बोले भतीजे के परिवार से डेढ़ दशक से नहीं है कोई संबंध 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। कफ सिरप के अवैध कारोबार से जुड़े मामले में एक और बड़ा खुलासा सामने आया है। इस प्रकरण में सरगना शुभम जायसवाल के करीबी और कथित तौर पर उसके “राइट हैंड” माने जा रहे हवाला कारोबारी वैभव जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया गया है। वैभव सपा व्यापार सभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल का भतीजा है। सपा नेता ने भतीजे की गिरफ्तारी के बाद अपना पक्ष रखा। 

प्रदीप जायसवाल ने कहा कि वैभव उनका भतीजा है, लेकिन वर्ष 2008 से उनका वैभव जायसवाल या उसके परिवार से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने बताया कि वैभव के पिता के साथ उनका संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा है, जो वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है। ऐसे में उन्हें परिवार का सदस्य बताना पूरी तरह भ्रामक और गलत है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोग जानबूझकर सोशल मीडिया के माध्यम से इस मामले को राजनीतिक रंग देकर पार्टी की छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी ने जबरन इस प्रकरण को समाजवादी पार्टी से जोड़ने का प्रयास किया, तो उसके खिलाफ मानहानि की कार्रवाई की जाएगी। इस पूरे मामले की जानकारी अखिलेश यादव को भी दे दी गई है। राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देशानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share this story