काशी में 15 साल बाद स्वर्णकार समाज का भव्य सामूहिक विवाह सम्मेलन, 7 जोड़े लेंगे सात फेरे

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। स्वर्णकार भारती सेवा संस्थान की ओर से आगामी 8 मार्च रविवार को काशी में स्वजातीय सामूहिक विवाह सम्मेलन का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम वाराणसी के नाटी इमली स्थित गणेश मण्डपम्मू लॉन में संपन्न होगा। खास बात यह है कि स्वर्णकार समाज की ओर से 15 वर्षों बाद इतने बड़े स्तर पर सामूहिक विवाह का आयोजन किया जा रहा है, जिससे समाज में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

मैदागिन से निकलेगी भव्य बारात

आयोजकों के अनुसार बारात मैदागिन पेट्रोल पंप के सामने स्थित उन्नति रेजिडेंसी से सुबह 10 बजे प्रस्थान करेगी। बारात मध्यमेश्वर, दारानगर, डीएवी कॉलेज, आदर्श स्कूल और ईश्वरगंगी होते हुए नाटी इमली स्थित गणेश मंडपम पहुंचेगी।

सात घोड़ों पर सजे दूल्हों के साथ बैंड-बाजे और ढोल-नगाड़ों की धुन पर भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो काशी की परंपरा और उल्लास का अद्भुत संगम प्रस्तुत करेगी। महिलाओं द्वारा बारात के स्वागत से लेकर विदाई तक के सभी पारंपरिक रीति-रिवाज संपन्न कराए जाएंगे।

महिला टीम संभालेगी संपूर्ण व्यवस्था

संस्थान की प्रदेश अध्यक्ष सरिता सर्राफ ने बताया कि महिला टीम बारात प्रस्थान से लेकर स्वागत, जयमाल, वैदिक विधि-विधान और विदाई तक की संपूर्ण जिम्मेदारी निभाएगी। नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थी के लिए आवश्यक सभी सामान भी प्रदान किए जाएंगे, ताकि वे अपने नए जीवन की शुरुआत सम्मान और आत्मनिर्भरता के साथ कर सकें।

संस्थान के किशोर सेठ ने बताया कि सभी तैयारियां भव्य स्तर पर की गई हैं। एक साथ सात जोड़ों का विवाह वैदिक परंपराओं के अनुसार संपन्न कराया जाएगा। इस अवसर पर आठ प्रांतों के वरिष्ठ पदाधिकारी भी शामिल होंगे और नवदंपत्तियों को आशीर्वाद देंगे।

समरसता और समानता का संदेश

राष्ट्रीय संयोजक रवि सर्राफ ने कहा कि काशी की पावन धरती पर मांगलिक कार्यक्रम संपन्न कराने की सभी की इच्छा होती है। इस सामूहिक विवाह का उद्देश्य समाज में समरसता स्थापित करना, ऊंच-नीच और भेदभाव की भावना को समाप्त करना तथा सामूहिक सहयोग की परंपरा को मजबूत करना है।

कई प्रमुख अतिथि होंगे शामिल

सम्मेलन में राष्ट्रीय अध्यक्ष लोकतंत्र सेनानी व पूर्व राज्यसभा सदस्य कैलाश सोनी, राज्यसभा सदस्य डॉ प्रदीप वर्मा, हाटा विधायक मोहन वर्मा, बिहार के औरंगाबाद से विधान परिषद सदस्य जीवन लाल तथा जौनपुर के समाजसेवी नन्हेलाल वर्मा सहित आठ प्रांतों के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल होंगे। सभी अतिथि नवदंपत्तियों को आशीर्वाद देंगे।

एक साथ सात जोड़ों के वैदिक रीति-रिवाज से संपन्न होने वाले इस विवाह सम्मेलन से समाज में एकता, समानता और सहयोग का मजबूत संदेश जाएगा।

Share this story