नाले की बदहाली पर अधिवक्ता का अनोखा सत्याग्रह, गंदे पानी के बीच बैठकर भीख मांगकर जताया विरोध, राजातालाब के रथयात्रा मार्ग पर महीनों से बह रहा दूषित पानी

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। राजातालाब के रथयात्रा मार्ग पर महीनों से क्षतिग्रस्त नाले से बह रहे गंदे पानी और लगातार हो रही दुर्घटनाओं के विरोध में एक अधिवक्ता ने अनोखा सत्याग्रह शुरू किया। पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं अधिवक्ता राजकुमार गुप्ता सड़क पर बह रहे दूषित पानी के बीच चादर बिछाकर बैठ गए और नाले की मरम्मत के लिए भिक्षाटन करने लगे। उनका कहना है कि सरकारी विभागों से बार-बार शिकायत करने के बावजूद जब समस्या का समाधान नहीं हुआ तो उन्होंने खुद चंदा जुटाकर नाले की मरम्मत कराने का निर्णय लिया।

सेवापुरी विधानसभा क्षेत्र के राजातालाब में तहसील और ब्लॉक कार्यालय होने के बावजूद रथयात्रा मार्ग की यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है। नाला क्षतिग्रस्त होने के कारण उसका दूषित पानी सड़क पर बहता रहता है। इससे मार्ग पर फिसलन बनी रहती है और राहगीरों तथा वाहन चालकों को काफी परेशानी होती है। स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने कई बार जिम्मेदार अधिकारियों से शिकायत की और आंदोलन भी किया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।

123

अधिवक्ता राजकुमार गुप्ता के मुताबिक, पिछले दो महीने में इस मार्ग पर फिसलन और गंदे पानी के कारण हुए हादसों में पांच लोग घायल हो चुके हैं। स्कूली बच्चों, दोपहिया वाहन चालकों और स्थानीय नागरिकों को रोजाना जोखिम उठाकर इस रास्ते से गुजरना पड़ता है। पंचायत से लेकर पीएमओ तक शिकायत किए जाने के बावजूद सुनवाई नहीं हुई।

चंदे से कराएंगे नाले की मरम्मत
राजकुमार गुप्ता ने बताया कि भिक्षाटन के जरिए अधिक से अधिक धनराशि एकत्र की जाएगी और उसी पैसे से क्षतिग्रस्त नाले की मरम्मत कराई जाएगी, ताकि लोगों को दुर्घटनाओं से बचाया जा सके। उनके इस अनोखे विरोध को देखकर रास्ते से गुजरने वाले लोग भी आर्थिक सहयोग कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जब जिम्मेदार विभाग अपनी जिम्मेदारी नहीं निभा रहे हैं तो जनता को ही आगे आकर समस्या का समाधान करना पड़ रहा है।

123

अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर दिया आश्वासन
भिक्षाटन के जरिए विरोध किए जाने की जानकारी मिलने पर आराजीलाईन ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि डॉ. महेंद्र सिंह पटेल, एडीओ पंचायत सतीश मौर्य और पंचायत सचिव चंद्रभान मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने क्षतिग्रस्त नाले और सड़क पर बह रहे गंदे पानी की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने समस्या का शीघ्र समाधान कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद अधिवक्ता राजकुमार गुप्ता ने अपना अनोखा सत्याग्रह समाप्त किया और भिक्षाटन से एकत्रित धनराशि अधिकारियों को सौंप दी।

इस घटना ने स्थानीय स्तर पर जलनिकासी और सड़क मरम्मत की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि अधिकारियों का आश्वासन धरातल पर कब तक उतरता है और स्थानीय लोगों को इस समस्या से कब राहत मिलती है।

BK Pathak
BK Pathak

21813 Articles

Beerkeshwar Pathak Journalist Beerkeshwar Pathak, who entered the field of journalism in 2015, has nearly a decade of experience in print and digital media. He holds a postgraduate diploma in journalism and has established his reputation through reporting at prestigious media outlets like Amar Ujala, Hindustan, and Dainik Jagran. He has a special interest and expertise in reporting on political and social issues, news analysis, and editing, along with eventful news. He currently serves as an editor at Live VNS, a leading digital news platform in Varanasi. In this role, he is contributing to reshaping digital journalism and delivering important information to readers through factual and reliable news. Factual investigation of news and effective editing are key aspects of his journalism.

Share this story