सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय में नए सत्र की प्रवेश प्रक्रिया शुरू, 6 जुलाई से होंगे ऑनलाइन आवेदन

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय में शैक्षिक सत्र 2026–27 के लिए विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी शशीन्द्र मिश्र ने बताया कि विश्वविद्यालय परिसर में संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए अधिसूचना जारी कर दी गई है। इच्छुक अभ्यर्थी 6 जुलाई से समर्थ (Samarth) पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।

जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि इस बार विश्वविद्यालय में आचार्य प्रथम सेमेस्टर, विदेशी भाषा डिप्लोमा प्रथम वर्ष, स्नातकोत्तर भाषा विज्ञान प्रमाण-पत्रीय, संस्कृत प्रमाण-पत्रीय प्रथम वर्ष तथा संगीत प्रमाण-पत्रीय प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। विदेशी भाषा डिप्लोमा पाठ्यक्रम के अंतर्गत रूसी, फ्रेंच, जर्मन, तिब्बती, स्पेनिश, नेपाली और अंग्रेजी भाषाओं के अध्ययन की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

उन्होंने बताया कि सभी अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध प्रवेश निर्देशिका का ध्यानपूर्वक अध्ययन करना होगा। ऑनलाइन आवेदन के दौरान प्रवेश पंजीकरण शुल्क 200 रुपये निर्धारित किया गया है, जिसका भुगतान केवल ऑनलाइन पेमेंट गेटवे के माध्यम से ही स्वीकार किया जाएगा। शशीन्द्र मिश्र के अनुसार, आचार्य प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन 6 जुलाई से 6 अगस्त 2026 तक किए जा सकेंगे। वहीं विदेशी भाषा डिप्लोमा, संस्कृत, भाषा विज्ञान और संगीत प्रमाण-पत्रीय पाठ्यक्रमों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 26 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। 

उन्होंने बताया कि आचार्य प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश मेरिट सूची के आधार पर किया जाएगा। अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र डाउनलोड कर सुरक्षित रखना होगा तथा काउंसिलिंग के समय सभी आवश्यक मूल अभिलेखों और अभिभावक अथवा संरक्षक के हस्ताक्षर सहित उपस्थित होना अनिवार्य रहेगा। काउंसिलिंग की तिथि बाद में पृथक सूचना के माध्यम से घोषित की जाएगी। साथ ही प्रवेश लेने वाले सभी विद्यार्थियों के लिए एंटी रैगिंग शपथ-पत्र भरना भी अनिवार्य होगा।

जनसंपर्क अधिकारी शशीन्द्र मिश्र ने सभी पात्र एवं इच्छुक अभ्यर्थियों से निर्धारित समयावधि के भीतर ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया के सुचारु संचालन के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा संबंधित विभागों, संकायाध्यक्षों, परीक्षा नियंत्रक, वित्त अधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

Share this story