एडीसीपी ने फूलपुर थाने का किया निरीक्षण, सुरक्षा और कार्यप्रणाली में सुधार के दिए निर्देश 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। एडीसीपी गोमती जोन नृपेंद्र ने रविवार को फूलपुर थाने का निरीक्षण किया। इस दौरान अभिलेखों की पड़ताल की। वहीं साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था का हाल जाना। उन्होंने सुरक्षा और कार्यप्रणाली में सुधार के निर्देश दिए। 

एडीसीपी ने गारद की सलामी ली। उन्होंने थाना परिसर का भ्रमण कर साफ-सफाई, शस्त्रों के रख-रखाव, तकनीकी व्यवस्थाओं और संचालन व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने परिसर में पड़े लावारिस वाहनों और अन्य माल के शीघ्र निस्तारण तथा स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए।

123

थाना कार्यालय के निरीक्षण के दौरान समस्त अभिलेखों और रजिस्टरों को अद्यतन रखने पर विशेष जोर दिया गया। इसके साथ ही मालखाना, बंदीगृह, भोजनालय, आरक्षी आवास, बैरक, सीसीटीएनएस कक्ष और निर्माणाधीन भवन की भी जांच की गई। मिशन शक्ति केंद्र और महिला हेल्प डेस्क का निरीक्षण करते हुए तैनात महिला आरक्षियों को प्राप्त प्रार्थना पत्रों पर नियमित फीडबैक लेने और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

अपर पुलिस उपायुक्त ने मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत क्षेत्र में सक्रिय रूप से भ्रमण कर जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने को भी कहा। साथ ही आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का भौतिक सत्यापन कर उनके गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण पर बल दिया। यक्ष एप की फीडिंग को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

123

उन्होंने लंबित विवेचनाओं को जल्द पूरा करने पर जोर देते हुए कहा कि समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण जांच से ही न्याय सुनिश्चित होता है और कानून-व्यवस्था मजबूत बनी रहती है। इस दौरान चौकीदारों को सम्मानित भी किया गया। अधिकारी ने उन्हें साफा भेंट कर उनकी भूमिका की सराहना की और कहा कि चौकीदार क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था के सच्चे प्रहरी हैं, जो सतर्क रहकर महत्वपूर्ण सूचनाएं उपलब्ध कराते हैं।

निरीक्षण के बाद एडीसीपी ने थाना क्षेत्र के कस्बा पिंडरा में पुलिस बल के साथ पैदल गश्त किया। इस दौरान आम लोगों से संवाद कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की अपील की।

Share this story