एसीएमओ ने एमआर टीकाकरण अभियान की प्रगति जानी, स्वास्थ्य सेवाओं का भी लिया जायजा

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। एडिशनल सीएमओ एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चिरईगांव के नोडल अधिकारी डॉ. एसएस कन्नौजिया ने बुधवार को क्षेत्र में संचालित एमआर (मीजल्स-रूबेला) टीकाकरण अभियान का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न गांवों और पंचायतों में पहुंचकर टीकाकरण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की तथा स्वास्थ्य कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के क्रम में डॉ. कन्नौजिया ने सोनबरसा, कादीपुर और हिरामनपुर गांवों में चल रहे टीकाकरण कार्यक्रम का जायजा लिया। उन्होंने वहां तैनात एएनएम को निर्देशित किया कि अभियान से छूटे हुए बच्चों की पहचान कर उनका शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए विशेष अभियान चलाकर लक्ष्य को जल्द से जल्द पूरा करने पर बल दिया।

इसके बाद उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चिरईगांव का निरीक्षण किया। यहां फार्मासिस्ट से दवाओं की उपलब्धता, वितरण व्यवस्था और मरीजों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। साथ ही जच्चा-बच्चा वार्ड का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं का आकलन किया तथा प्रयोगशाला में हो रही विभिन्न जांचों की स्थिति के बारे में भी जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य पर्यवेक्षक कमलसेन एवं स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डॉ. मानसी गुप्ता सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।

Share this story