युवती का पीछा करने और वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप, युवक हिरासत में, पुलिस जांच में जुटी

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। राजातालाब थाना क्षेत्र की एक युवती ने गांव के ही एक युवक पर लगातार पीछा करने, जबरन अपने साथ ले जाने का प्रयास करने तथा वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

युवती वर्तमान में नागेपुर स्थित अपने फूफा के घर रह रही है। उसने पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि काशीपुर गांव का एक युवक काफी समय से उसका पीछा कर रहा था और उसे परेशान कर रहा था। युवती का आरोप है कि 2 जून की रात युवक नागेपुर पहुंच गया और उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का प्रयास करने लगा।

पीड़िता के अनुसार, घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस सक्रिय हुई और मिर्जामुराद क्षेत्र के सैदा रोड-खजुरी मार्ग पर युवक को पकड़ लिया। युवती ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी ने उसका वीडियो बना रखा था और उसी के आधार पर उसे ब्लैकमेल कर रहा था। इससे वह लंबे समय से मानसिक रूप से परेशान थी।

मामले को गंभीरता से लेते हुए युवती ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है और सभी आरोपों की सत्यता की पड़ताल की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Share this story