टक्कर के बाद रुपये लूटने का आरोप, न्यायालय की हस्तक्षेप से दर्ज हुआ बाइक सवारों पर केस, मिर्जामुराद में हाईवे की घटना
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना पुलिस ने अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर बाइक सवार दो अज्ञात युवकों के खिलाफ लूट, लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित द्वारा पहले पुलिस से शिकायत करने के बावजूद कार्रवाई न होने पर न्यायालय की शरण ली गई थी, जिसके बाद यह मामला दर्ज हुआ।
हाईवे पर टक्कर, घायल होने के बाद लूट का आरोप
जंसा थाना क्षेत्र के बरेमा निवासी देवेन्द्र कुमार त्रिपाठी ने अदालत में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 5 नवंबर 2025 को दिन में करीब 11 बजे वह मिर्जापुर से अपने रिश्तेदार से मिलकर बाइक से वाराणसी स्थित घर लौट रहे थे।
खजुरी पुलिस चौकी के पास हाईवे पर काले रंग की टीवीएस बाइक सवार दो युवक स्टंट करते हुए आए और उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई।
पीड़ित का आरोप है कि टक्कर के बाद दोनों युवकों ने उनकी जेब में रखे 2300 रुपये निकाल लिए।
डायल 112 पर सूचना, लेकिन नहीं हुई कार्रवाई
घटना के बाद देवेन्द्र त्रिपाठी ने डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस दोनों युवकों को पकड़कर थाने ले गई, लेकिन अगले दिन उन्हें छोड़ दिया गया।
पीड़ित का कहना है कि उन्होंने वाहन नंबर सहित पुलिस चौकी पर लिखित शिकायत दी और बाद में पुलिस कमिश्नर कार्यालय में भी प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
अदालत की शरण के बाद दर्ज हुआ मुकदमा
पुलिस स्तर पर कार्रवाई न होने पर पीड़ित ने न्यायालय की शरण ली। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश के बाद मंगलवार को मिर्जामुराद थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई
फिलहाल पुलिस घटनास्थल, वाहन नंबर और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच में जुटी है। अब देखना होगा कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ क्या कार्रवाई होती है।

