थ्री बीएचके फ्लैट देने का झांसा देकर डॉक्टर से 20 लाख की ठगी का आरोप, कोर्ट के आदेश पर मुकदमा

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। शिवपुर क्षेत्र में थ्री बीएचके फ्लैट देने का झांसा देकर मेडिकल अफसर से 20 लाख रुपये लेने और फ्लैट नहीं देने के मामले में पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर दुर्गा एसोसिएट्स के प्रोपराइटर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पांडेयपुर निवासी डॉ. सुदर्शन जसवार सरकारी अस्पताल में मेडिकल अफसर हैं।

शिकायत के मुताबिक, करीब नौ महीने पहले उनकी मुलाकात लक्ष्मणपुर निवासी दुर्गा प्रसाद सिंह से हुई थी। दुर्गा प्रसाद ने शिवपुर-सारनाथ क्षेत्र के शिवपुर में फ्लैट बनाकर देने का भरोसा दिलाया था। आरोप है कि फ्लैट के निर्माण के लिए डॉक्टर ने बैंक से 20 लाख रुपये का व्यक्तिगत ऋण लिया और पूरी रकम आरोपी को दे दी।

रकम लेने के बाद आरोपी ने न तो फ्लैट बनाकर दिया और न ही शर्तें पूरी कीं। काफी समय बीतने के बाद जब डॉक्टर ने अपनी रकम वापस मांगी तो विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि आरोपी ने उनके साथ अभद्रता की और जान से मारने की धमकी भी दी।

मामले में डॉक्टर ने न्यायालय की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा के अनुसार मामले की जांच की जा रही है और पुलिस संबंधित दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है।

Share this story