अस्सी के मठ में आचार्य से मारपीट और धमकी देने का आरोप, पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। लंका थाना क्षेत्र के अस्सी घाट स्थित उद्दप्पी मठ में एक आचार्य के साथ कथित मारपीट, अभद्रता और जान से मारने की धमकी देने का मामला प्रकाश में आया है। घटना के संबंध में पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि पूरी घटना मठ परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी रिकॉर्ड हुई है।

मठ के आचार्य कार्तिक आचार्या द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, शुक्रवार सुबह लगभग 10 बजे मठ में कार्यरत एक महिला कर्मचारी के पति राजीव यादव मठ परिसर में पहुंचे। आरोप है कि वहां पहुंचते ही उन्होंने आचार्य के साथ अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया और गालीगलौज करने लगे।

शिकायत में कहा गया है कि जब आचार्य ने इस व्यवहार का विरोध किया, तो विवाद बढ़ गया और आरोपी ने उनके साथ मारपीट की। पीड़ित का आरोप है कि घटना के दौरान उनके साथ धक्का-मुक्की भी की गई। इतना ही नहीं, मठ से जाते समय आरोपी ने कथित रूप से गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी भी दी।

घटना के बाद मठ प्रशासन की ओर से पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्रारंभिक जानकारी जुटाई और शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया। जांच के दौरान मठ परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी पुलिस ने अपने कब्जे में ली है। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो रिकॉर्डिंग की जांच के बाद घटना की वास्तविक परिस्थितियों को स्पष्ट किया जाएगा।

थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि उपलब्ध साक्ष्यों और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Share this story