चौबेपुर में जमीन खरीद-फरोख्त के नाम पर लाखों की ठगी, आरोपी पर मुकदमा दर्ज

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र में जमीन खरीद-फरोख्त के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी का मामला प्रकाश में आया है। सारनाथ निवासी विनोद कुमार मोदनवाल ने चौबेपुर थाने में लिखित शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

पीड़ित के अनुसार वर्ष 2015 में ग्राम लटौनी निवासी जयप्रकाश सिंह से 2040 वर्गफीट जमीन का सौदा चार लाख रुपये में तय हुआ था। वर्ष 2015 से 2017 के बीच उन्होंने कुल 1 लाख 90 हजार रुपये एडवांस के रूप में दिए। इसके बदले आरोपी ने हैंड नोट और विक्रय सहमति पत्र भी दिया था। आरोप है कि वर्ष 2022 में उक्त जमीन चंदा देवी व सोनलिका गुप्ता के नाम बेच दी गई।

पीड़ित का कहना है कि जब उन्होंने अपना पैसा वापस मांगा तो आरोपी ने देने से इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, 19 फरवरी को दोबारा मुलाकात होने पर आरोपी और उसके साथियों ने गाली-गलौज व मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। बाद में आरोपी मुंबई चला गया। वापस आने पर पैसे मांगे तो आरोपी से जान से मारने की धमकी दी। मामले को लेकर थानाध्यक्ष ने बताया कि मामला संज्ञान में है। शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है।

Share this story