आईआईवीआर में तमिलनाडु कृषि विश्वविद्यालय के छात्रों का शैक्षणिक भ्रमण, सब्जी अनुसंधान की आधुनिक तकनीकों से हुए रूबरू

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान (आईआईवीआर) शाहंशाहपुर राजातालाब में गुरुवार को कृषि शिक्षा को आधुनिक शोध प्रक्रियाओं से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक भ्रमण एवं प्रायोगिक शिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में तमिलनाडु कृषि विश्वविद्यालय के बी.एससी (कृषि) पाठ्यक्रम के 70 से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य छात्रों को कृषि अनुसंधान की वास्तविक कार्यप्रणाली, अत्याधुनिक तकनीकों और नवीन कृषि नवाचारों से प्रत्यक्ष रूप में परिचित कराना था। संस्थान में पहुंचने के बाद छात्रों ने पहले आईआईवीआर की उन्नत प्रयोगशालाओं, अनुसंधान इकाइयों और तकनीकी विभागों का अवलोकन किया। वरिष्ठ वैज्ञानिकों ने उन्हें सब्जी उत्पादन और सुधार कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी।

छात्रों को सब्जियों की उच्च गुणवत्ता वाली किस्मों के विकास, जैव-प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में हो रहे शोध, रोग एवं कीट प्रबंधन में आधुनिक तकनीकों, जलवायु परिवर्तन के अनुकूल खेती पद्धतियों तथा टिकाऊ कृषि पर विशेष व्याख्यान दिए गए। विद्यार्थियों ने वैज्ञानिकों से संवाद कर अपनी शंकाएं दूर कीं और शोध पद्धतियों को समझने में गहरी रुचि दिखाई।

कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने हाई-टेक नर्सरी, संरक्षित खेती तकनीक, ड्रिप एवं माइक्रो-इरीगेशन सिस्टम, ट्रांसप्लांटर जैसी आधुनिक मशीनरी तथा सब्जी फसलों के सुधार हेतु उपयोग की जाने वाली नवीनतम तकनीकों को नजदीक से देखा।

संस्थान के वैज्ञानिकों ने छात्रों को बताया कि कैसे आधुनिक शोध के माध्यम से कम लागत में अधिक उत्पादन, जल संरक्षण, और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए खेती को अधिक लाभकारी बनाया जा सकता है। इस शैक्षणिक भ्रमण ने छात्रों को कृषि अनुसंधान की संभावनाओं के प्रति न केवल जागरूक किया, बल्कि भविष्य में कृषि वैज्ञानिक के रूप में अपने कैरियर को दिशा देने की प्रेरणा भी दी।

Share this story