बीएचयू छात्रावास में छात्र से दुर्व्यवहार, वार्डन सहायक आचार्य पर आरोप, एबीवीपी ने किया प्रदर्शन
वाराणसी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने कृषि विज्ञान संस्थान स्थित बाल गंगाधर तिलक छात्रावास में एक छात्र के साथ कथित दुर्व्यवहार और छात्रावास की अव्यवस्थाओं को लेकर गुरुवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। परिषद कार्यकर्ताओं ने कृषि विज्ञान संस्थान के निदेशक कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया और ज्ञापन सौंपकर मामले में निष्पक्ष जांच एवं कड़ी कार्रवाई की मांग की।
एबीवीपी का आरोप रहा कि छात्रावास के वार्डन सहायक आचार्य सैकत मांझी ने एक छात्र के साथ अमानवीय व्यवहार किया। आरोप के अनुसार वार्डन देर रात कथित रूप से नशे की हालत में छात्र के कमरे में पहुंचे और छात्र का कॉलर पकड़कर उसके साथ अभद्रता की। परिषद ने यह भी आरोप लगाया कि छात्र द्वारा कमरे में बनाया गया भोजन डस्टबिन में फेंक दिया गया तथा उसके बर्तन और कमरे को सीज कर ताला लगा दिया गया।

घटना के बाद छात्र को पूरी रात छात्रावास परिसर के मैदान में बितानी पड़ी। इस मामले को लेकर छात्रों में भारी नाराजगी देखी गई। प्रदर्शन के दौरान परिषद कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। एबीवीपी इकाई अध्यक्ष पल्लव सुमन ने कहा कि छात्रावास छात्रों के सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन के लिए बनाए जाते हैं, लेकिन इस तरह की घटनाएं छात्रों के मानसिक उत्पीड़न को बढ़ावा देती हैं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन को तत्काल कठोर कदम उठाने चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
परिषद के पदाधिकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि छात्रावास में लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं की कमी बनी हुई है। भीषण गर्मी के बावजूद छात्रों को पर्याप्त पीने का पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है और मेस व्यवस्था भी अव्यवस्थित है। ज्ञापन के माध्यम से परिषद ने वार्डन को तत्काल हटाने, मामले की निष्पक्ष जांच कराने, मेस और कैंटीन व्यवस्था सुधारने तथा छात्रावास में वॉटर कूलर और पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। परिषद ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

