डॉ. टीके लहरी से अभाविप प्रतिनिधिमंडल ने की भेंट, कथित मारपीट पर जताया विरोध

WhatsApp Channel Join Now

पूर्व मंत्री रीबू श्रीवास्तव समेत छात्र नेताओं ने भी अस्पताल पहुंचकर जाना हालचाल, दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग

वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के सर सुंदरलाल अस्पताल में उपचाराधीन 85 वर्षीय पद्मश्री एवं एमेरिटस प्रोफेसर डॉ. टीके लहरी के साथ आईसीयू में कथित मारपीट और अभद्र व्यवहार का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। घटना को लेकर रविवार को अस्पताल परिसर में छात्र संगठनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने पहुंचकर विरोध जताया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप), बीएचयू इकाई के प्रतिनिधिमंडल ने डॉ. लहरी से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और घटना की जानकारी ली। वहीं, कैंट विधानसभा की प्रभारी एवं पूर्व मंत्री रीबू श्रीवास्तव भी अस्पताल पहुंचीं और पूरे प्रकरण की जानकारी प्राप्त की।

अभाविप ने कथित घटना को शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए बीएचयू प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषी के खिलाफ तत्काल कठोर एवं विधिसम्मत कार्रवाई की मांग की। परिषद के पदाधिकारियों ने कहा कि डॉ. टीके लहरी ने सेवानिवृत्ति के बाद भी मरीजों की सेवा को प्राथमिकता दी और लंबे समय तक चिकित्सा क्षेत्र में योगदान दिया। ऐसे वयोवृद्ध और सम्मानित चिकित्सक के साथ अस्पताल के आईसीयू जैसे संवेदनशील स्थान पर कथित दुर्व्यवहार गंभीर विषय है।

अभाविप काशी हिंदू विश्वविद्यालय इकाई के अध्यक्ष पल्लव सुमन ने कहा कि महामना की कर्मभूमि में पद्मश्री सम्मानित और वर्षों से मरीजों की सेवा में समर्पित चिकित्सक के साथ इस प्रकार का व्यवहार स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई तथा डॉ. लहरी को बेहतर चिकित्सा सुविधा और पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की।

123

अभाविप के राष्ट्रीय मंत्री अभय प्रताप सिंह ने कहा कि अस्पताल में किसी मरीज, विशेषकर वयोवृद्ध एवं पद्मश्री सम्मानित चिकित्सक के साथ इस तरह की घटना सामने आना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में प्रत्येक मरीज की गरिमा, सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित किया जाना चाहिए। वहीं, इकाई सहमंत्री जया यादव ने कहा कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को सम्मानजनक व्यवहार मिलना उसका अधिकार है। प्रशासन को मामले का गंभीरता से संज्ञान लेकर शीघ्र कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो अभाविप व्यापक छात्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी।

पूर्व मंत्री रीबू श्रीवास्तव के साथ महानगर अध्यक्ष बाबा साहेब अंबेडकर वाहिनी अमन यादव, बीएचयू इकाई अध्यक्ष हिमांशु यादव, राधेश्याम समिति के पदाधिकारी व कार्यकर्ता समेत बड़ी संख्या में छात्र मौजूद रहे। सभी ने कथित घटना की निंदा करते हुए दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। मौके पर मौजूद लोगों ने कहा कि डॉ. लहरी ने दशकों तक मरीजों की सेवा कर बीएचयू और काशी का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई के साथ अस्पताल में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

Share this story