एबीवीपी ने मनाई प्रो. यशवंत राव केलकर की जयंती, युवाओं को राष्ट्र निर्माण का दिया संदेश
वाराणसी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) काशी प्रांत की ओर से रविवार को महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ स्थित गांधी अध्ययन पीठ सभागार में प्रो. यशवंत राव केलकर जयंती एवं कार्यकर्ता स्नेह मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में परिषद के वर्तमान और पूर्व कार्यकर्ताओं, शिक्षकों तथा विद्यार्थियों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर प्रो. केलकर के व्यक्तित्व एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया।
समारोह के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने युवाओं को राष्ट्रहित, सामाजिक दायित्व और सकारात्मक नेतृत्व की भावना से कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में युवा शक्ति की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका है। विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का भी निर्वहन करना चाहिए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के कुलपति प्रो. आनन्द कुमार त्यागी ने की। उन्होंने प्रो. यशवंत राव केलकर के जीवन, विचारों और संगठनात्मक योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका जीवन युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ सामाजिक सरोकारों को भी अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आग्रह किया।
इस अवसर पर एबीवीपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राजशरण किशोर तिवारी, काशी प्रांत अध्यक्ष डॉ. महेंद्र कुमार त्रिपाठी, विधायक सुरेश चौबे तथा काशी प्रांत मंत्री शिवम सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने परिषद की संगठनात्मक यात्रा, छात्र हितों के लिए किए गए कार्यों तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भागीदारी पर विस्तार से चर्चा की।
कार्यक्रम में परिषद के पूर्व एवं वर्तमान कार्यकर्ताओं के बीच स्नेह मिलन भी आयोजित किया गया, जिसमें पुराने अनुभव साझा किए गए और संगठन की भावी योजनाओं पर चर्चा हुई। समारोह में बड़ी संख्या में शिक्षकों, विद्यार्थियों, परिषद कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और अतिथियों के प्रति आभार ज्ञापन के साथ हुआ।

