वाराणसी जंक्शन पर जीआरपी व आरपीएफ की टीम ने शातिर चोर को पकड़ा, चोरी का मोबाइल बरामद

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। कैंट जंक्शन पर गश्त और चेकिंग के दौरान जीआरपी कैंट पुलिस ने चोरी के मोबाइल फोन के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया। जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने संदिग्ध गतिविधि के आधार पर युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसके कब्जे से करीब 25 हजार रुपये कीमत का वीवो 5जी मोबाइल बरामद हुआ। जांच में मोबाइल चोरी के एक मुकदमे से संबंधित पाया गया।

पुलिस के अनुसार, पुलिस महानिदेशक रेलवे प्रकाश डी, पुलिस महानिरीक्षक रेलवे प्रयागराज एन. कोलंची और पुलिस अधीक्षक रेलवे प्रशांत वर्मा के निर्देश पर अपराध नियंत्रण और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस उपाधीक्षक रेलवे वाराणसी कुँवर प्रभात सिंह के पर्यवेक्षण में जीआरपी कैंट प्रभारी निरीक्षक रजोल नागर के निर्देशन में टीम वाराणसी जंक्शन पर गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी।

इसी दौरान प्लेटफार्म नंबर एक और यात्री हाल से होते हुए सिग्नल ऑफिस की ओर जाते समय दक्षिण दिशा में नीम के पेड़ के नीचे एक युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ और तलाशी ली। युवक ने अपना नाम अजय कुमार (21) पुत्र लक्ष्मण राम, निवासी सिया पोखर, थाना मोहनिया, जिला भभुआ, बिहार बताया।

तलाशी में उसके पास से वीवो कंपनी का काले रंग का 5जी मोबाइल बरामद हुआ। मोबाइल में सिम कार्ड नहीं लगा था। जांच के दौरान इसके IMEI नंबर 866164061945835 और 866164061945827 मिले। पुलिस के मुताबिक बरामद मोबाइल थाना जीआरपी कैंट में दर्ज मुकदमा संख्या 23/2026, धारा 305(C) बीएनएस से संबंधित पाया गया। इसके बाद मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।

पुलिस ने मोबाइल को कब्जे में लेकर विधिवत सील किया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। उसकी गिरफ्तारी की सूचना उसके भाई को भी दी गई। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक रजोल नागर, उपनिरीक्षक राम नारायण शुक्ला, हेड कांस्टेबल अनुरोध कुमार, कांस्टेबल उमाकांत यादव, इंद्रजीत, विष्णुशरण तिवारी तथा सीआईबी /आरपीएफ के सतीश यादव और वीरेंद्र शामिल रहे।

Share this story