पिशाचमोचन क्षेत्र में 53.19 लाख से बनेगा नया नलकूप, पेयजल किल्लत होगी दूर
वाराणसी। नगर निगम शहर की पेयजल व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है। इसी क्रम में शनिवार को पिशाचमोचन क्षेत्र में 53.19 लाख रुपये की लागत से नए नलकूप के रिबोर एवं अन्तः संयोजन कार्य का शिलान्यास किया गया। शिलान्यास महापौर अशोक कुमार तिवारी ने किया।
नगर निगम के अनुसार इस नलकूप के चालू होने के बाद पिशाचमोचन वार्ड और आसपास के क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति बेहतर होगी। खासकर गर्मी के मौसम में पानी की किल्लत और कम दबाव की समस्या से स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। क्षेत्र में लंबे समय से लो-प्रेशर की शिकायतें सामने आ रही थीं, जिसे देखते हुए इस परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर शुरू किया गया है।

महापौर ने कहा कि नगर निगम नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा को सुदृढ़ करना निगम की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, नगर विकास मंत्री अरविन्द कुमार शर्मा और दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. नीलकण्ठ तिवारी के मार्गदर्शन में शहर में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।
शिलान्यास कार्यक्रम में क्षेत्रीय पार्षद मनीष कुमार गुप्ता सहित स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। स्थानीय लोगों ने इस जनहित कार्य के लिए नगर निगम और जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

