बनकटी हनुमान मंदिर के पास गिरा विशाल पेड़, दीवार ढहने से दहशत, नगर निगम पर लापरवाही का आरोप

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। बनकटी हनुमान मंदिर के पास स्थित एक संकरी गली में विशाल पेड़ गिरने और आसपास की दीवार क्षतिग्रस्त होकर ढह जाने से क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने और दर्जनों प्रार्थना पत्र देने के बावजूद नगर निगम प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। लोगों का कहना है कि समय रहते समाधान नहीं किया गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

स्थानीय निवासी गिरीश कुमार मिश्रा ने बताया कि पेड़ गिरने की समस्या को लेकर नगर निगम को करीब 50 से अधिक प्रार्थना पत्र दिए जा चुके हैं, लेकिन अधिकारियों की ओर से केवल आश्वासन ही मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन की लापरवाही के कारण अब स्थिति गंभीर हो चुकी है। पेड़ गिरने से पास स्थित एक मकान की दीवार भी क्षतिग्रस्त होकर गिर गई, जिससे आसपास रहने वाले लोगों में दहशत व्याप्त है।

123

मोहल्लेवासियों के अनुसार गली में गिरा पेड़ आवागमन में बड़ी बाधा बना हुआ है। राहगीरों, बच्चों और बुजुर्गों को आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने आशंका जताई कि बरसात और तेज हवाओं के दौरान यह खतरा और बढ़ सकता है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसी की जान भी जा सकती है।

क्षेत्रीय लोगों ने नगर निगम प्रशासन से तत्काल मौके पर टीम भेजकर गिरे हुए पेड़ को हटाने, क्षतिग्रस्त क्षेत्र का निरीक्षण कराने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए स्थायी उपाय करने की मांग की है। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।

Share this story