बीएचयू कला संकाय के सामने विशाल वृक्ष धराशाई, मार्ग बाधित होने से छात्रों में रोष
वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय के कला संकाय के सामने गुरुवार को एक बेहद पुराना और विशाल वृक्ष धराशाई हो गया, जिससे मुख्य मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। पेड़ गिरने के कारण छात्र-छात्राओं और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खास बात यह है कि ठीक सामने स्थित कला संकाय भवन में इन दिनों परीक्षाएं भी चल रही हैं, जिसके चलते विद्यार्थियों की आवाजाही लगातार बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि बुधवार देर शाम वाराणसी सहित आसपास के जनपदों में तेज आंधी और बारिश का दौर चला था। तेज हवाओं के कारण शहर के कई इलाकों में पेड़ और होर्डिंग्स गिरने की घटनाएं सामने आई थीं। इसी दौरान बीएचयू कला संकाय के सामने स्थित वर्षों पुराना विशाल वृक्ष भी अचानक धराशाई हो गया। गनीमत रही कि घटना के समय वहां अधिक भीड़ नहीं थी, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

पेड़ गिरने से मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है। छात्र-छात्राओं को दूसरे रास्तों से होकर आवागमन करना पड़ रहा है, जिससे उन्हें अतिरिक्त परेशानी उठानी पड़ रही है। परीक्षा देने पहुंच रहे विद्यार्थियों को भी समय पर केंद्र तक पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। स्थानीय छात्रों का कहना है कि घटना के कई घंटे बीत जाने के बाद भी विश्वविद्यालय प्रशासन या संबंधित विभाग की ओर से पेड़ हटाने की कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।
छात्रों में इस बात को लेकर काफी नाराजगी देखी जा रही है। उनका कहना है कि परीक्षा के दौरान विश्वविद्यालय प्रशासन को ऐसे मामलों में तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए थी, ताकि छात्रों को असुविधा न हो। कई छात्रों ने आरोप लगाया कि मार्ग बाधित होने के बावजूद अब तक पेड़ की कटाई-छंटाई कर उसे हटाने की प्रक्रिया शुरू नहीं की गई है।
वहीं, आसपास के लोगों का कहना है कि तेज आंधी और बारिश के बाद शहर में कई स्थानों पर पेड़ गिरे हैं, लेकिन बीएचयू जैसे महत्वपूर्ण शैक्षणिक संस्थान के मुख्य मार्ग पर गिरे पेड़ को लेकर प्रशासन की सुस्ती चिंता का विषय है। लोगों ने जल्द से जल्द मार्ग साफ कराने और यातायात सामान्य करने की मांग की है।

