तेज तूफान-बारिश में गिरा विशाल नीम का पेड़, ऑटो चकनाचूर; महिलाएं-बच्चे बाल-बाल बचे, घंटों जाम
वाराणसी। सेवापुरी ब्लॉक क्षेत्र के सिरिहिरा बाजार में तेज हवा और बारिश के चलते बड़ा हादसा टल गया। सड़क किनारे खड़ा एक विशालकाय नीम का पेड़ अचानक गिरकर सड़क के बीचों-बीच आ गिरा, जिससे सिरिहिरा बाजार से सेवापुरी ब्लॉक मुख्यालय जाने वाला मार्ग कई घंटों तक बाधित रहा।

पेड़ गिरने के दौरान पास ही एक घर के सामने खड़ी ऑटो उसके नीचे दब गई, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि आसपास मौजूद महिलाएं और बच्चे समय रहते सुरक्षित स्थान पर चले गए, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।स्थानीय निवासी श्याममोहन उर्फ डब्बू राजभर के अनुसार, पेड़ गिरते समय तेज आवाज सुनते ही लोग तुरंत घर के अंदर भागे और अपनी जान बचाई। हालांकि ऑटो को भारी नुकसान हुआ है।

घटना के दौरान बाजार क्षेत्र में लगा एक बिजली का पोल भी क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से जल्द पोल बदलने की मांग की है, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।हीं सड़क पर गिरे पेड़ को स्थानीय लोगों ने घंटों की मशक्कत के बाद काटकर हटाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।

