बीएचयू में महाराणा प्रताप जयंती पर होगा भव्य आयोजन, शौर्यगाथा और झांकी बनेंगी आकर्षण का केंद्र
वाराणसी। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय में महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर 9 मई को “महाराणा की शौर्यगाथा” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन छात्र नेता विवेक सिंह अभिषेक एवं अन्य छात्रों द्वारा किया जा रहा है। आयोजन को लेकर मधुबन पार्क में आयोजित प्रेस वार्ता में कार्यक्रम की रूपरेखा साझा की गई।
आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन बीएचयू स्थित के. एन. उडप्पा सभागार में 9 मई को शाम 3 बजे से किया जाएगा। इस दौरान महाराणा प्रताप के अदम्य साहस, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति को केंद्र में रखकर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। कार्यक्रम में विशेष रूप से उन वीर आदिवासी योद्धाओं को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने युद्ध के समय महाराणा प्रताप का साथ दिया था। इसके अलावा महाराणा प्रताप के जीवन, संघर्ष और वीरता को दर्शाती भव्य झांकी भी निकाली जाएगी, जो कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण होगी।
विवेक सिंह अभिषेक ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को अपने इतिहास और महान वीरों के संघर्षों से प्रेरणा लेने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप केवल एक शासक नहीं थे, बल्कि स्वाभिमान, त्याग और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक थे। उनका जीवन युवाओं को हर परिस्थिति में संघर्ष करने और अपने सिद्धांतों पर अडिग रहने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विनीत सिंह उपस्थित रहेंगे, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में चेतन आनंद छात्रों और उपस्थित लोगों को संबोधित करेंगे। इसके अलावा विशिष्ट अतिथि के रूप में धनंजय कुमार सिंह, संतोष कुमार सिंह, सतेंद्र बारी एवं डॉ. एस. एन. शंखवार मौजूद रहेंगे। आयोजकों ने बीएचयू के छात्र-छात्राओं और शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है। कार्यक्रम को लेकर छात्रों में खासा उत्साह देखा जा रहा है और आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।

