रेड लाइट इलाके में दो लोगों से लूटपाट, चार सेक्स वर्कर्स हिरासत में
कोलकाता, 22 नवंबर (हि.स.)। एशिया के दूसरे सबसे बड़े रेड लाइट इलाके कोलकाता के सोनागाछी में पहुंचे दो लोगों से लूटपाट हुई है। इस मामले में सूचना मिलने के बाद कोलकाता पुलिस ने चार सेक्स वर्कर्स को हिरासत में ले लिया है। कोलकाता पुलिस सूत्रों ने बताया है कि दो लोगों को सोनागाछी से फोन कर बुलाया गया था। इन लोगों का अमूमन यहां आना जाना था। सोमवार शाम के समय भी इन्हें फोन कर बुलाया गया था। जैसे ही ये पहुंचे, इन्हें एक कमरे के अंदर ले जाया गया और चार सेक्स वर्कर्स ने मिलकर इनसे 80 हजार रुपये और सोने के गहने छीन लिए थे। जब दोनों ने देखा कि फंस गए हैं तो डायल हंड्रेड पर फोन कर लाल बाजार पुलिस मुख्यालय में सारी जानकारी दी।
खबर मिलते ही बड़तला थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को सुरक्षित निकाला। इसके बाद चार सेक्स वर्कर्स को भी हिरासत में लेकर पुलिस की टीम बड़तला थाने पहुंची। यहां लूट के सारे सामान बरामद कर लिए गए और दोनों लोगों को सुरक्षित घर भेजा गया है। इस बारे में पुलिस ने आधिकारिक तौर पर कुछ भी बताने से इनकार किया है लेकिन एक सूत्र ने बताया कि यौन कर्मियों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज की गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम प्रकाश

