रेलवे स्टेशन के पार्किंग में सो रहे शख्स को जिंदा जलाने का प्रयास

रेलवे स्टेशन के पार्किंग में सो रहे शख्स को जिंदा जलाने का प्रयास


नई दिल्ली, 23 सितंबर (हि.स.)। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के पार्किंग में सो रहे एक शख्स पर तेल डालकर उसे जिंदा जलाने का प्रयास किया गया है। पीड़ित को लोकनायक अस्पताल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। वह 80 फीसदी झुलस गया है। पीड़ित ने आरोपित से बेटी की शादी के लिए एक लाख रुपये उधार लिया था, लेकिन आर्थिक रूप से कमजोर होने की वजह से पैसे वापस नहीं कर पा रहा था। पुलिस ने पीड़ित के बयान पर हत्या का प्रयास का मामला दर्ज कर मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक मूलतः गांव जैथरा, एटा यूपी निवासी जोगराज नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के पार्किंग में जूते चप्पल मरम्मत करने का काम करता है। 21 सितंबर की देर रात पुलिस को जोगराज के जलाए जाने की जानकारी मिली। जब तक पुलिस मौके पर पहुंची, आस पास के लोगों ने आग बुझाकर उसे पास के अस्पताल में भर्ती करा चुके थे। पुलिस लोकनायक अस्पताल पहुंची। जोगराज ने बताया कि मई माह में उसने अपनी बेटी की शादी की थी। इसके लिए उसने राजीव नाम के व्यक्ति से एक लाख रुपये उधार लिए थे। उसने राजीव को धीरे धीरे कर पैसे वापस करने की बात कही।

कुछ दिनों से राजीव उसे पैसे वापस करने के लिए उसके साथ गाली गलौज कर रहा था। जोगराज ने बताया 21 सितंबर की देर रात करीब दो बजे वह स्टेशन परिसर के पार्किंग में सो रहा था। उसकी नींद खुली तो उसने एक युवक को उसके शरीर पर तेल डालते हुए देखा। जब तक वह कुछ समझ पाता राजीव ने माचिस की तिल्ली जलाकर उसके शरीर पर फेंक दिया। शरीर में आग लगते ही वह खुद को बचाने के लिए शोर मचाने लगा। घटना को अंजाम देने के बाद राजीव दो युवकों के साथ स्कूटी पर सवार होकर फरार हो गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जोगराज 80 फीसदी झुलस गया है। पुलिस ने हत्या का प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपित राजीव की तलाश में दबिश दी और गुरुवार को उसे इलाके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार/अश्वनी

हमारे टेलीग्राम ग्रुप को ज्‍वाइन करने के लि‍ये  यहां क्‍लि‍क करें, साथ ही लेटेस्‍ट हि‍न्‍दी खबर और वाराणसी से जुड़ी जानकारी के लि‍ये हमारा ऐप डाउनलोड करने के लि‍ये  यहां क्लिक करें।

Share this story