वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पर लावारिस बैग से 5.6 किलो गांजा बरामद, GRP की बड़ी कार्रवाई
वाराणसी। कैंट रेलवे स्टेशन परिसर में चेकिंग के दौरान जीआरपी पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए लावारिस बैग से 5.600 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 65 हजार रुपये बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
संदिग्ध बैग मिलने पर हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई 13 अप्रैल 2026 को रेलवे स्टेशन और प्लेटफॉर्म पर चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के तहत की गई। पुलिस टीम जब सर्कुलेटिंग एरिया में गश्त कर रही थी, तभी टिकट घर के पीछे एक सफेद रंग का संदिग्ध बैग पड़ा मिला, जिस पर “हैप्पी होली विमल पान मसाला” लिखा हुआ था।

पूछताछ के बावजूद नहीं मिला कोई दावेदार
पुलिस ने मौके पर मौजूद यात्रियों से बैग के बारे में पूछताछ की, लेकिन किसी ने भी उसे अपना नहीं बताया। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने बैग को खोलकर चेक किया, जिसमें पीले टेप से लिपटे छह बंडल मिले। जांच में यह गांजा पाया गया, जिसे तत्काल कब्जे में लेकर थाना लाया गया।
65 हजार रुपये आंकी गई कीमत
बरामद गांजे का कुल वजन 5.600 किलोग्राम है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 65 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यह गांजा किसके द्वारा और किस उद्देश्य से यहां छोड़ा गया था।
अभियान के तहत चल रही सख्त चेकिंग
यह कार्रवाई रेलवे पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई, जिसमें स्टेशन, प्लेटफॉर्म और आसपास के क्षेत्रों में अपराधियों, संदिग्ध व्यक्तियों और अवैध तस्करी पर नजर रखी जा रही है।
टीम ने निभाई अहम भूमिका
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक रजोल नागर के नेतृत्व में उपनिरीक्षक श्रीकांत यादव, हेड कांस्टेबल वेदप्रकाश यादव, कांस्टेबल धर्मेंद्र प्रजापति और कांस्टेबल दिलीप सरोज की टीम ने अहम भूमिका निभाई।

