बरेका से 20 कर्मयोगियों की विदाई, महाप्रबंधक ने कहा- सेवानिवृत्ति नए अध्याय की शुरुआत

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। बरेका में जुलाई माह में सेवानिवृत्त हुए एक अधिकारी और 19 कर्मचारियों के सम्मान में शुक्रवार को भावभीना विदाई एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। प्रशासन भवन स्थित कीर्ति कक्ष में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता बरेका के महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने की। इस दौरान सेवानिवृत्त कर्मियों के दीर्घकालीन योगदान और सेवाओं को याद करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी लालजी चौधरी द्वारा महाप्रबंधक को पौधा भेंट कर स्वागत करने से हुई। उन्होंने सेवानिवृत्त होने वाले सभी कर्मियों की निष्ठा, समर्पण और सेवाभाव की सराहना करते हुए उनके सुखद भविष्य की कामना की।

123

महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने कहा कि सेवानिवृत्ति किसी कर्मयोगी की यात्रा का अंत नहीं, बल्कि जीवन के एक नए अध्याय की शुरुआत है। उन्होंने सभी सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बरेका में उनके लंबे योगदान के लिए धन्यवाद दिया और उत्तम स्वास्थ्य, सुख, समृद्धि तथा पारिवारिक आनंद की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सेवानिवृत्ति के बाद स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन के लिए नियमित व्यायाम, संतुलित आहार और सकारात्मक सोच को महत्वपूर्ण बताया।

इस अवसर पर महाप्रबंधक ने सेवानिवृत्त कर्मियों को माल्यार्पण कर फोल्डर प्रदान किए और सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में सहायक वित्त सलाहकार राजेश कुमार श्रीवास्तव, वरिष्ठ अनुभाग अधिकारी राम मूरत सिंह, एसएसई/एम/डी अवधेश कुमार और सुरेश विश्वकर्मा, एसएसई (एमसीटी) एसके सिंह एवं मोहम्मद मुजाम्मिल इमादी, एसएसई (टीआर) निर्मल कुमार गुप्ता, मुख्य कार्यालय अधीक्षक अजय कुमार सिंह, कार्यालय अधीक्षक सागिर अहमद खान समेत अन्य अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।

123

समारोह को प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विवेकशील, महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त देवराज कुमार मौर्य, मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. अब्दुल माबूद और कर्मचारी परिषद के संयुक्त सचिव प्रदीप कुमार यादव ने भी संबोधित किया। उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मियों की सेवाओं की सराहना करते हुए स्वस्थ और सुखद जीवन की कामना की।

सेवानिवृत्त कर्मियों ने अपने सेवाकाल की स्मृतियां साझा करते हुए कहा कि बरेका उनके लिए केवल कार्यस्थल नहीं, बल्कि परिवार जैसा रहा है। उन्होंने अधिकारियों, सहकर्मियों और बरेका परिवार के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम में बरेका के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी परिषद के सदस्य, सहकर्मी और सेवानिवृत्त कर्मियों के परिजन मौजूद रहे। संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी (मुख्यालय) राज कुमार गुप्ता ने किया।

Share this story