पिंडरा में भव्य रक्षाबंधन महोत्सव, 10 हजार महिलाएं विधायक अवधेश सिंह को बांधेंगी राखी

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। रक्षाबंधन पर्व को लेकर पिंडरा विधानसभा क्षेत्र में तैयारियां तेज हो गई हैं। 28 अगस्त को मनाए जाने वाले रक्षाबंधन पर्व से पहले पिंडरा विधानसभा में भव्य रक्षाबंधन महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में विधानसभा क्षेत्र की करीब 10 हजार महिलाएं विधायक डॉ. अवधेश सिंह की कलाई पर राखी बांधेंगी। कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में तैयारियां तेजी से चल रही हैं।

रक्षाबंधन के दिन बहन अपने भाई की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उसकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना करती है, वहीं भाई अपनी बहन की रक्षा और सम्मान का संकल्प लेता है। इसी परंपरा को सामाजिक सरोकार से जोड़ते हुए पिंडरा विधानसभा में यह आयोजन किया जा रहा है।

123

रक्षाबंधन महोत्सव में पिंडरा विधानसभा क्षेत्र की आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं, सफाईकर्मी, पंचायत सहायक, विद्यालयों में भोजन बनाने वाली रसोइयां और सेविकाएं सहित विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करने वाली महिलाएं शामिल होंगी। कार्यक्रम के लिए महिलाओं की सूची तैयार की जा रही है और आयोजन को भव्य स्वरूप देने की तैयारी की जा रही है।

पिंडरा विधायक डॉ. अवधेश सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिलाओं के अधिकार, सम्मान और सशक्तीकरण की बात करते हैं। पहले यह बातें कागजों तक सीमित रह जाती थीं, लेकिन अब इसका असर जमीन पर दिखाई देने लगा है। उन्होंने कहा कि पिंडरा विधानसभा की करीब 8 से 10 हजार बहनों की सूची तैयार की गई है, जो रक्षाबंधन से पहले आयोजित होने वाले इस विशेष कार्यक्रम में उन्हें राखी बांधेंगी।

विधायक ने कहा कि कार्यक्रम में वह बहनों के साथ भाई-बहन के रिश्ते को मजबूत करने और उनकी सुरक्षा के लिए संकल्प लेंगे। उन्होंने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से यह संदेश दिया जाएगा कि एक भाई अपनी बहन के लिए किस तरह मजबूती से खड़ा हो सकता है।

डॉ. अवधेश सिंह ने कहा कि कार्यक्रम के दिन लोगों को यह देखने को मिलेगा कि पिंडरा विधानसभा का जनप्रतिनिधि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और उनके अधिकारों को लेकर कितना प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन महोत्सव केवल राखी बांधने का कार्यक्रम नहीं होगा, बल्कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के प्रति जिम्मेदारी का संकल्प लेने का अवसर भी बनेगा।

पिंडरा विधानसभा में प्रस्तावित इस आयोजन को लेकर कार्यकर्ताओं और आयोजकों की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं। बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी को देखते हुए कार्यक्रम स्थल, व्यवस्थाओं और आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप देने का काम किया जा रहा है।

Share this story