वाराणसी : पुलिस ने किया गश्त, वाहनों की चेकिंग, यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों पर कार्रवाई
वाराणसी। पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर लंका पुलिस ने गुरुवार सुबह विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया। वहीं इलाके में गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। यह अभियान लंका चौराहे पर सुबह 5 बजे से शुरू हुआ। नगवा चौकी इंचार्ज अभय गुप्ता अपनी टीम के साथ मुस्तैदी से तैनात रहे।

इस दौरान लंका प्रभारी शिवाकांत मिश्रा और एसीपी धनंजय मिश्रा ने क्षेत्र में गश्त करते हुए चेकिंग अभियान का जायजा लिया। पुलिस ने खासतौर पर बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों और कम उम्र के किशोरों द्वारा चलाए जा रहे दोपहिया वाहनों की जांच की। इस दौरान यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
वाहन चेकिंग के दौरान यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों पर कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि समय-समय पर अभियान चलाकर वाहनों की जांच की जाएगी। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

