ऐढ़े गौशाला में बनेगा आधुनिक पशु अस्पताल, गर्मी से बचाव के लिए लगेंगे पंखे
वाराणसी। नगर निगम क्षेत्र में पशु कल्याण और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने सोमवार को ऐढ़े गौशाला और खुशहाल नगर के पीछे निर्माणाधीन सीनियर केयर सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को गौवंश के उपचार की व्यवस्था मजबूत करने, गौशाला परिसर को हरा-भरा बनाने और निर्माण कार्यों को तय समय में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए।
ऐढ़े स्थित गौशाला के समीप स्वाधीनसागर फाउंडेशन की ओर से संचालित पशु चिकित्सा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए नगर आयुक्त ने कहा कि पशुओं के उपचार से जुड़े सभी कार्य पशु कल्याण अधिकारी की निगरानी में किए जाएं। वर्तमान में कच्चे शेल्टर में संचालित चिकित्सा व्यवस्था को आधुनिक और व्यवस्थित पशु अस्पताल के रूप में विकसित करने के लिए उन्होंने विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। अस्पताल बनने से गौशाला के पशुओं के साथ आम नागरिक भी अपने पालतू पशुओं का उपचार करा सकेंगे।

पशुओं के आवागमन को सुविधाजनक बनाने के लिए एक मैजिक वाहन उपलब्ध कराने के साथ ही परिसर में इंटरलॉकिंग और ड्रेनेज सिस्टम विकसित करने के निर्देश भी दिए गए। गर्मी से गौवंश को राहत दिलाने के लिए टीन शेड के नीचे पर्याप्त संख्या में पंखे लगाने को कहा गया। इसके अलावा गौशाला की बाउंड्रीवॉल के किनारे पौधरोपण कर परिसर को हरा-भरा बनाने तथा एंट्री गार्ड रूम के पास खाली जमीन पर इंटरलॉकिंग कराने के निर्देश दिए।
इसके बाद नगर आयुक्त ने खुशहाल नगर के पीछे निर्माणाधीन सीनियर केयर सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने सेंटर तक पहुंचने वाले मार्ग को सुगम बनाने के लिए 15वें वित्त आयोग की धनराशि से इंटरलॉकिंग सड़क का कार्य तत्काल कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने और निर्धारित मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करने की हिदायत दी।

नगर आयुक्त ने कहा कि नगर निगम की प्राथमिकता पशु कल्याण के साथ नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। निरीक्षण के दौरान पशुचिकित्साधिकारी डॉ. विजय अमृत राज, सहायक अभियंता, अवर अभियंता (सिविल) समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

