टीबी उन्मूलन की मुहिम को युवाओं की ताकत, वाराणसी में JOSH टीमों का शुभारंभ

123
WhatsApp Channel Join Now

नई दिल्ली से केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने किया राष्ट्रीय अभियान का आगाज, सीएमओ सभागार में हुआ लाइव प्रसारण

वाराणसी। क्षय रोग (टीबी) मुक्त भारत के संकल्प को गति देने के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से गुरुवार को JOSH (Joint Squad for Health) Teams का राष्ट्रीय स्तर पर शुभारंभ किया गया। नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने अभियान का आगाज किया। इसका सीधा प्रसारण वाराणसी के मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय स्थित सभागार में किया गया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ एनसीसी कैडेट्स, MY Bharat Volunteers और पंचायती राज विभाग के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।

11 राज्यों के 55 जिलों में पहला चरण
‘संपूर्ण सरकार, संपूर्ण समाज’ की अवधारणा पर आधारित इस अभियान में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के साथ युवा मामले एवं खेल मंत्रालय तथा रक्षा मंत्रालय मिलकर काम करेंगे। अभियान के प्रथम चरण में देश के 11 राज्यों के 55 जिलों को शामिल किया गया है। इसका उद्देश्य युवाओं की सक्रिय भागीदारी के माध्यम से टीबी उन्मूलन को लेकर गांव और समुदाय स्तर पर जागरूकता को मजबूत करना है।

वाराणसी में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनपी सिंह, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. पियूष राय, पंचायती राज विभाग के प्रतिनिधि और एनसीसी कमांडेंट प्रमुख रूप से मौजूद रहे। मुख्य विकास अधिकारी, जनप्रतिनिधियों और जिला पंचायत अध्यक्ष ने भी अपने-अपने कार्यालयों में कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा।

गांव-वार्ड तक पहुंचेगी JOSH टीम
JOSH टीम में एक नामित नोडल अधिकारी के नेतृत्व में पांच एनसीसी कैडेट्स और पांच MY Bharat Volunteers शामिल होंगे। ये टीमें गांव, ब्लॉक और वार्ड स्तर पर पहुंचकर लोगों को टीबी के लक्षण, जांच की सुविधा और निःशुल्क उपचार की जानकारी देंगी। साथ ही बीमारी को लेकर समाज में व्याप्त भ्रम और कलंक को दूर करने का प्रयास किया जाएगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनपी सिंह ने कहा कि टीबी उन्मूलन की दिशा में JOSH टीमों की शुरुआत महत्वपूर्ण कदम है। युवाओं की सक्रिय भागीदारी से अभियान को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलेगी। स्वास्थ्य विभाग राष्ट्रीय पहल को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है।

जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. पियूष राय ने बताया कि समय पर मरीजों की पहचान और उपचार सुनिश्चित करना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। JOSH टीमें स्वास्थ्य कर्मियों के साथ मिलकर लोगों को निःशुल्क जांच, उपचार और निक्षय पोषण योजना की जानकारी देंगी। कार्यक्रम में 14 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को बाल रोग विशेषज्ञ की सलाह के अनुसार प्रोटीन पाउडर भी उपलब्ध कराया गया। अंत में अधिकारियों, स्वास्थ्यकर्मियों और स्वयंसेवकों ने टीबी मुक्त भारत की शपथ लेकर वाराणसी को टीबी मुक्त बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।

Share this story