विनायक प्लाजा में युवक का शव मिलने से सनसनी, पुलिस जांच में जुटी
वाराणसी। विनायक प्लाजा में गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई जब दूसरी मंजिल पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। घटना की जानकारी मिलते ही थाना सिगरा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शव मिलने की खबर के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

पुलिस को मृतक के पास से एक आईडी कार्ड मिला है, जिसके आधार पर उसकी पहचान भरत खन्ना के रूप में होने की संभावना जताई जा रही है। आईडी कार्ड पर तमिल भाषा में जानकारी दर्ज होने के कारण आशंका व्यक्त की जा रही है कि मृतक दक्षिण भारत के किसी राज्य का निवासी था। पुलिस अब उसकी सही पहचान और परिजनों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

मौके की जांच के दौरान पुलिस को एक डायरी भी मिली, जिसमें “सॉरी” लिखा हुआ था। शुरुआती जांच में पुलिस इसे सुसाइड नोट मानकर जांच कर रही है। डायरी में कुछ मोबाइल नंबर भी लिखे मिले हैं, जिनके जरिए मृतक के परिजनों और परिचितों से संपर्क साधने की कोशिश की जा रही है।

डीसीपी गौरब बंसवाल ने बताया कि मृतक के शरीर पर ब्लेड से कटने के कई निशान पाए गए हैं। इनमें कुछ घाव पुराने और कुछ ताजा प्रतीत हो रहे हैं। पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि मृतक वहां कब और किन परिस्थितियों में पहुंचा। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और परिजनों के पहुंचने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

