वाराणसी में पुरानी रंजिश में युवक की गोली मारकर हत्या, गांव में तनाव, आरोपितों की तलाश तेज
वाराणसी। सिंधोरा थाना क्षेत्र के मझवा गांव में गुरुवार रात पुरानी पट्टीदारी रंजिश ने खूनी रूप ले लिया। 22 वर्षीय युवक की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे, घटनास्थल का निरीक्षण किया और फोरेंसिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, घटना के बाद से आरोपित फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
मृतक की पहचान मझवा गांव निवासी सौरभ सिंह (22) पुत्र लालू सिंह के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार सौरभ का अपने पट्टीदारों से लंबे समय से विवाद चल रहा था। करीब पंद्रह दिन पहले सौरभ का गांव के ही रिशु के माता-पिता से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। उसी घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव लगातार बना हुआ था।
बताया गया कि गुरुवार रात लगभग 9:15 बजे सौरभ अपने घर के बाहर खड़ा था। इसी दौरान आरोपितों ने उसे अपने पास बुलाया। जैसे ही वह उनके नजदीक पहुंचा, उसके सिर में गोली मार दी गई। गोली लगते ही वह मौके पर ही गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। फायरिंग की आवाज सुनते ही परिजन और आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े। आनन-फानन में सौरभ को उपचार के लिए सिंधोरा के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर सिंधोरा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पुरानी पट्टीदारी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, परिजनों की तहरीर और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल तैनात कर सतर्कता बढ़ा दी गई है।

