दो पिस्टल के साथ युवक पकड़ाया, घटना को अंजाम देने की थी साजिश, जांच में जुटी पुलिस
वाराणसी। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सारनाथ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध शस्त्र और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से दो अवैध पिस्टल, कई जिंदा कारतूस, खोखा और बाइक बरामद की गई है। डीसीपी प्रमोद कुमार ने गिरफ्तारी और बरामदगी के बारे में जानकारी दी। आरोपी अवैध असलहे से किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था।
डीसीपी के अनुसार थाना सारनाथ पुलिस टीम क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। उसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक बुलेट मोटरसाइकिल से अवैध शस्त्र और कारतूस लेकर किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई की और थाना क्षेत्र के हृदयपुर अंडरपास के पास घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से दो अवैध .32 बोर पिस्टल, चार जिंदा कारतूस .32 बोर, सात खोखा.32 बोर, एक जिंदा 9 एमएम कारतूस तथा एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की गई। बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बृजेश मिश्रा पुत्र कमलेश चन्द्र मिश्रा निवासी हीरामनपुर, थाना सारनाथ के रूप में हुई है।
डीसीपी ने बताया कि युवक की घर में ही किसी से रंजिश थी। वह अवैध असलहे से किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में था। उससे पहले ही पुलिस ने पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सारनाथ में आर्म्स एक्ट की धारा 3/7/25 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही उससे बरामद हथियारों के स्रोत और संभावित आपराधिक गतिविधियों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी किसी संगठित गिरोह से जुड़ा है या नहीं।

