योगी सरकार नवरात्रि में मातृशक्ति के लिए लाई रोजगार की सौगात
वाराणसी परिक्षेत्र में रोडवेज की बसों में 100 महिला संविदा परिचालकों की 28 मार्च को होगी भर्ती
महिलाओं के आत्मसम्मान और आर्थिक सशक्तिकरण को रफ़्तार दे रही योगी सरकार
वाराणसी। शक्ति के पर्व पर नवरात्रि में उत्तर प्रदेश सरकार मातृशक्ति के लिए एक नई सौगात लेकर आई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। इस पहल के तहत उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में महिला संविदा परिचालकों की भर्ती की जाएगी। वाराणसी में आयोजित होने जा रहे इस रोजगार मेले में 100 महिलाओं को नौकरी पाने का अवसर मिलेगा। यह मेला 28 मार्च को चौधरी चरण सिंह बस स्टेशन क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय वाराणसी में सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित किया जाएगा।
योगी सरकार की यह पहल सिर्फ नौकरी देने तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने की एक बड़ी कोशिश है। सरकार की मिशन शक्ति योजना के तहत महिलाओं को सशक्त बनाने का अभियान लगातार आगे बढ़ रहा है। अब परिवहन निगम की बसें सिर्फ यात्रियों को गंतव्य तक नहीं पहुंचा रहीं, बल्कि महिला सशक्तिकरण का संदेश भी दे रही हैं। क्षेत्रीय प्रबंधक परशुराम पांडेय के अनुसार,यह भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से रोजगार मेले के माध्यम से की जाएगी, जिससे अधिक से अधिक योग्य महिलाओं को लाभ मिल सके। इच्छुक महिला अभ्यर्थी अपने आवश्यक दस्तावेजों के साथ इसमें शामिल हो सकती हैं।
पद के लिए योग्यता
महिला संविदा परिचालक बनने के लिए अभ्यर्थी का इंटरमीडिएट पास एवं सीसीसी प्रमाण पत्र के साथ-साथ उप्र राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, उप्र कौशल विकास मिशन, एनसीसी, एनएसएस एवं स्काउट गाइड मेसे से किसी एक का होना अनिवार्य है। न्यूनतम आयु 18 से 40 वर्ष, अनुसूचित जाति / जनजाति तथा अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों के लिये आयु सीमा में शासनादेश के नियमानुसार छूट अनुमन्य होगी।
विशेष योग्यताओं को भी वरीयता
मेरिट निर्धारण में विशेष योग्यताओं को भी वरीयता दी जाएगी। एनसीसी ‘बी’ प्रमाण पत्र धारक, भारत स्काउट एवं गाइड संस्था के राज्य पुरस्कार या राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त महिला अभ्यर्थियों को इंटरमीडिएट में प्राप्त अंकों पर 5 प्रतिशत वेटेज दिया जाएगा। इसी प्रकार एनएसएस प्रमाण पत्र धारक महिला अभ्यर्थियों को भी समान लाभ प्रदान किया जाएगा।

