गंगापार कोदोपुर में 350 बीघा में बनेगा योगा-वेलनेस हब, 60 मीटर पाथवे और ओपन जिम की मिलेगी सुविधा
वाराणसी। गंगापार के कोदोपुर (डोमरी) क्षेत्र में नगर निगम करीब 350 बीघा भूमि में भव्य योगा एवं वेलनेस सेंटर विकसित करने की तैयारी कर रहा है। प्रस्तावित परियोजना का उद्देश्य क्षेत्र को पर्यावरण संरक्षण, जनस्वास्थ्य और पर्यटन की दृष्टि से विकसित कर काशी के नए वेलनेस एवं टूरिज्म हब के रूप में स्थापित करना है। शुक्रवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने प्रस्तावित स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों के साथ कार्ययोजना की समीक्षा की।
परियोजना के तहत विशाल भूभाग को हरित क्षेत्र के रूप में विकसित करने की योजना है। यहां करीब 60 मीटर चौड़ा वाकिंग पाथवे बनाया जाएगा, जहां काशीवासी सुबह-शाम टहलने और प्राकृतिक वातावरण में समय बिताने का आनंद ले सकेंगे। इसके अलावा विशाल योगा पार्क और ओपन जिम भी विकसित किया जाएगा। इससे स्थानीय लोगों के साथ वाराणसी आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भी योग एवं व्यायाम की सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

नगर निगम परिसर में व्यापक पौधरोपण कराने की भी तैयारी कर रहा है, ताकि क्षेत्र को पर्यावरण अनुकूल और आकर्षक बनाया जा सके। अधिकारियों को परियोजना की विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर कार्य को जल्द धरातल पर उतारने के निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान प्रस्तावित सुविधाओं, हरित क्षेत्र के विकास और जनसुविधाओं से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।
महापौर अशोक कुमार तिवारी ने डोमरी क्षेत्र में छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छठ व्रतियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, चेंजिंग रूम, पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही घाट क्षेत्र में सुरक्षा और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
महापौर ने कहा कि काशी को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाना नगर निगम की प्राथमिकता है। गंगापार कोदोपुर में प्रस्तावित योगा एवं वेलनेस सेंटर शहरवासियों को स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने के साथ क्षेत्र के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि योग, व्यायाम और हरियाली के साथ छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में भी परियोजना अहम साबित होगी।

