योग डिप्लोमा में प्रवेश के लिए योग सर्टिफिकेट कोर्स जरूरी, इस डेट तक होगा आवेदन
वाराणसी। बीएचयू के मालवीय भवन स्थित योग साधना केंद्र में सत्र 2026-27 के लिए योग डिप्लोमा पाठ्यक्रम में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस पाठ्यक्रम में करीब 200 सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। खास बात यह है कि योग डिप्लोमा में प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों को 12वीं उत्तीर्ण होने के साथ योग का सर्टिफिकेट कोर्स भी पास करना अनिवार्य होगा।
योग साधना केंद्र की ओर से जारी सूचना के अनुसार आवेदन की अंतिम तिथि 25 अगस्त निर्धारित की गई है। आवेदन फॉर्म की कीमत 50 रुपये रखी गई है। आवेदन के साथ कक्षा 10वीं और 12वीं की अंकतालिका व प्रमाणपत्र की प्रतियां सहित निर्धारित दस्तावेज जमा करने होंगे।
यह पाठ्यक्रम बीएचयू के शिक्षक, अधिकारी, छात्र-छात्राओं, कर्मचारियों और उनके आश्रितों के लिए भी उपलब्ध है। साथ ही बाहरी अभ्यर्थियों को भी योग डिप्लोमा में प्रवेश का अवसर दिया गया है। बीएचयू के योग साधना केंद्र के निदेशक प्रो. पतंजलि मिश्र ने बताया कि बाहरी अभ्यर्थियों के लिए आवेदन करते समय निर्धारित दस्तावेज प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। वहीं विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं, कर्मचारियों और उनके आश्रितों को आवेदन के साथ विश्वविद्यालय का पहचान पत्र लगाना होगा।
चयनित अभ्यर्थियों की सूची योग्यता के आधार पर तैयार की जाएगी। अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता के अनुरूप अंक निर्धारित किए जाएंगे। इसके बाद योग्यता, आयु और अन्य निर्धारित मानकों के आधार पर चयन किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को व्यावहारिक दक्षता और साक्षात्कार की प्रक्रिया से भी गुजरना होगा। योग डिप्लोमा पाठ्यक्रम के लिए आवेदन पत्र 25 अगस्त तक मालवीय भवन स्थित योग साधना केंद्र के कार्यालय में जमा किए जा सकते हैं।

