वाराणसी के नए नवेले स्टेडियम में होंगे WPL के मुकाबले! जनवरी से फरवरी के बीच मिल सकती है मेजबानी
रिपोर्ट: अभिषेक अर्जुन सिंह | स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट, Live VNS
वाराणसी। महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2027 को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है। वाराणसी के गंजारी में तैयार हो रहे नए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में जल्द ही महिला क्रिकेट का रोमांच देखने को मिल सकता है। WPL संचालन परिषद की बैठक में मुंबई और वडोदरा के साथ वाराणसी को भी संभावित मेजबान शहर के तौर पर चिन्हित किया गया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में तैयार हो रहा यह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम अब बड़े क्रिकेट आयोजनों की मेजबानी की दिशा में आगे बढ़ रहा है। अगर सबकुछ तय योजना के मुताबिक रहा तो गंजारी का नया स्टेडियम WPL 2027 के मुकाबलों की मेजबानी कर सकता है।
BCCI ने बुधवार को WPL 2027 की तारीखों का भी ऐलान कर दिया। लीग का पांचवां सीजन 14 जनवरी से 7 फरवरी 2027 तक खेला जाएगा। वहीं खिलाड़ियों के रिटेंशन की आखिरी तारीख 28 सितंबर 2026 और प्लेयर ऑक्शन 28 अक्टूबर 2026 को कोच्चि के Grand Hyatt में होगा।

वाराणसी को लेकर बढ़ी उम्मीदें
WPL संचालन परिषद की बैठक में मुंबई, वडोदरा और वाराणसी को लेकर चर्चा हुई है। ऐसे में वाराणसी के क्रिकेट प्रेमियों के लिए यह बड़ी खबर है। गंजारी में बन रहा स्टेडियम तैयार होने के बाद यहां अंतरराष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट मुकाबलों के साथ-साथ WPL जैसे बड़े टूर्नामेंट के मैच भी देखने को मिल सकते हैं।

वाराणसी में WPL मुकाबलों की मेजबानी होती है तो यह पूर्वांचल में महिला क्रिकेट को नई पहचान देने के साथ-साथ स्थानीय क्रिकेट प्रेमियों के लिए भी बड़ा आकर्षण होगा।

