नवरात्र में पूजा कॉम्बो पैक तैयार कर आत्मनिर्भरता की राह मजबूत कर रहीं वाराणसी की महिलाएं

123
WhatsApp Channel Join Now

योगी सरकार की पहल से प्रेरणा मार्ट बने महिला उद्यमियों का बाजार, 65 दुकानों के जरिए ग्राहकों तक पहुंच रहे स्थानीय उत्पाद

पूजा की जरूरी सामग्री एक पैक में उपलब्ध, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को रोजगार और आमदनी बढ़ाने का अवसर

वाराणसी, 11 अक्टूबर। नवरात्र में मां दुर्गा की आराधना के बीच वाराणसी की स्वयं सहायता समूह की महिलाएं अपने हुनर को रोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भरता की नई राह बना रही हैं। हरहुआ ब्लॉक की ग्राम पंचायत मुर्दहा में माहेश्वरी स्वयं सहायता समूह की महिलाएं नवरात्र की पूजा के लिए विशेष कॉम्बो पैक तैयार कर रही हैं। मां की चुनरी से लेकर हवन-पूजन की जरूरी सामग्री तक एक ही पैक में उपलब्ध कराकर महिलाएं त्योहार की मांग को आजीविका के अवसर में बदल रही हैं। वाराणसी में संचालित 65 प्रेरणा मार्ट के माध्यम से इन उत्पादों को ग्राहकों तक पहुंचाया जा रहा है, जिससे महिलाओं को स्थानीय स्तर पर बाजार मिल रहा है और उनकी आमदनी बढ़ाने के अवसर बन रहे हैं।

पूजा सामग्री के कॉम्बो पैक से हुनर को मिल रहा बाजार

माहेश्वरी स्वयं सहायता समूह की निहारिका देवी और सीमा देवी अन्य समूह की महिलाओं के साथ मिलकर ये कॉम्बो पैक तैयार कर रही हैं। इनमें चुनरी, रोली, चंदन, सिंदूर, अक्षत, धूप, कपूर, कलावा और हवन सामग्री सहित पूजा में इस्तेमाल होने वाली अन्य वस्तुएं शामिल हैं। ग्राहक अपनी जरूरत के अनुसार इन सामग्रियों को अलग-अलग भी खरीद सकते हैं।नवरात्र जैसे त्योहारों पर पूजा सामग्री की मांग को देखते हुए यह पहल महिलाओं के पारंपरिक कौशल को बाजार से जोड़ रही है। इससे ग्राहकों को पूजा की जरूरी सामग्री एक ही पैक में उपलब्ध हो रही है, वहीं समूह की महिलाओं को मिलकर काम करने और अपने उत्पादों की बिक्री बढ़ाने का अवसर मिल रहा है।

123

65 प्रेरणा मार्ट से ग्राहकों तक पहुंच रहे स्थानीय उत्पाद

योगी सरकार की महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाने की पहल के तहत प्रेरणा मार्ट स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने का माध्यम बन रहे हैं। वाराणसी में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा संचालित 65 प्रेरणा मार्ट के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को बाजार मिल रहा है। उपायुक्त स्वतः रोजगार पवन कुमार सिंह ने बताया कि जिले के आठ ब्लॉकों में आठ-आठ प्रेरणा मार्ट संचालित हैं। इसके अतिरिक्त जिला मुख्यालय पर भी एक प्रेरणा मार्ट है। इन केंद्रों के माध्यम से समूह की महिलाएं अपने उत्पादों को ग्राहकों तक पहुंचा रही हैं और आय बढ़ाने के अवसर हासिल कर रही हैं।

समूह से जुड़कर महिलाएं बन रहीं उद्यमी

ब्लॉक मिशन मैनेजर पूजा तिवारी बताती हैं कि प्रेरणा मार्ट के माध्यम से महिलाएं केवल उत्पाद तैयार करने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उनकी बिक्री और विपणन से भी जुड़ रही हैं। इससे उनमें आत्मविश्वास बढ़ रहा है और वे अपनी पहचान उद्यमी के रूप में बना रही हैं।स्वयं सहायता समूहों के जरिए महिलाओं को सामूहिक रूप से काम करने और अपने उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने का अवसर मिल रहा है। नवरात्र के अवसर पर तैयार किए जा रहे पूजा कॉम्बो पैक इसी प्रयास का उदाहरण हैं, जहां स्थानीय स्तर पर तैयार उत्पाद ग्राहकों तक पहुंच रहे हैं और महिलाओं की आर्थिक भागीदारी को बढ़ावा मिल रहा है।

123

वर्जन

नवरात्र जैसे त्योहारों पर पूजा सामग्री के कॉम्बो पैक तैयार करना महिलाओं के लिए आमदनी बढ़ाने का अच्छा अवसर है। इससे उनके पारंपरिक कौशल को बाजार मिल रहा है और समूह के माध्यम से मिलकर काम करने की भावना भी मजबूत हो रही है। इस तरह स्वयं सहायता समूह की महिलाएं परिवार की आर्थिक स्थिति बेहतर बनाने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था में भी योगदान दे रही हैं।

पवन कुमार सिंह
उपायुक्त स्वतः रोजगार, वाराणसी

वर्जन

“नवरात्र में मां दुर्गा की पूजा के लिए प्रेरणा मार्ट के माध्यम से हमारे बनाए पैक लोगों तक पहुंच रहे हैं। इससे महिलाओं की आमदनी बढ़ाने में भी मदद मिल रही है। हमें खुशी है कि हम अपने काम से परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में योगदान दे पा रहे हैं।”
निहारिका देवी
माहेश्वरी स्वयं सहायता समूह

वर्जन

“पहले हम घर के कामकाज तक ही सीमित रहते थे, लेकिन स्वयं सहायता समूह से जुड़ने के बाद कुछ नया करने का अवसर मिला है। सरकार की ओर से समूह की महिलाओं को आगे बढ़ने के ऐसे अवसर मिलना हमारे लिए उत्साह बढ़ाने वाला है। हम चाहती हैं कि हमारे उत्पाद अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचें और दूसरी महिलाएं भी समूह से जुड़कर आत्मनिर्भर बनें।”

सीमा देवी
माहेश्वरी स्वयं सहायता समूह

Share this story