तिरंगा लेकर मोदी के स्वागत में उमड़ीं महिलाएं, ‘हर-हर महादेव’ और ‘हर-हर मोदी’ के जयघोष से गूंजा पुलिस लाइन
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन से भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। रिजर्व पुलिस लाइन के मुख्य द्वार के सामने सैकड़ों की संख्या में महिलाएं हाथों में तिरंगा लेकर प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए जुटीं। ‘हर-हर महादेव’ और ‘हर-हर मोदी, घर-घर मोदी’ के नारों से आसपास का माहौल गूंज उठा। महिलाओं में प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर उत्साह दिखाई दिया। राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल और मेयर अशोक तिवारी के नेतृत्व में मातृशक्ति अपने सांसद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत में पुष्पवर्षा कर अभिनंदन करेंगी।
सुबह से ही पुलिस लाइन और आसपास के इलाकों में चहल-पहल बनी रही। स्वागत के लिए पहुंचीं महिलाएं समूहों में खड़ी होकर तिरंगा लहराती और नारे लगाती नजर आईं। उनके हाथों में राष्ट्रीय ध्वज और स्वागत की तैयारियां कार्यक्रम को देशभक्ति का रंग दे रही है।

पुष्पवर्षा से अभिनंदन
रिजर्व पुलिस लाइन के मुख्य द्वार के सामने महिलाओं की जुटान प्रधानमंत्री के स्वागत कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रही। महिलाएं अपने हाथों में तिरंगा लेकर प्रधानमंत्री के आगमन की प्रतीक्षा करती रहीं। स्वागत के लिए पहुंचीं महिलाओं का कहना था कि वे प्रधानमंत्री के काशी आगमन को लेकर उत्साहित हैं और उनका अभिनंदन करना चाहती हैं।
भारतीय जनता पार्टी की ओर से प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर तैयारियां की गई हैं। इसी क्रम में पुलिस लाइन के मुख्य द्वार पर महिला मोर्चा और अन्य महिलाओं की भागीदारी दिखाई दी। पार्टी की ओर से अलग-अलग स्थानों पर कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी तय की गई है, ताकि प्रधानमंत्री के आगमन के दौरान स्वागत कार्यक्रम व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।

मिर्जामुराद से नमोघाट तक स्वागत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रविवार को वाराणसी पहुंचने के कार्यक्रम के तहत मिर्जामुराद क्षेत्र में अरविंद मिल की नई इकाई का उद्घाटन प्रस्तावित है। इसके बाद नमोघाट पर गंगा के ऊपर आयोजित भारतीय वायुसेना के विशेष हवाई प्रदर्शन ‘विंग्स ओवर गंगा’ में शामिल होने का कार्यक्रम है। एयर शो को लेकर शहरवासियों में भी उत्सुकता बनी हुई है। लड़ाकू विमानों और हेलीकॉप्टरों के करतब इस आयोजन के प्रमुख आकर्षण हैं। प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं ने शहर के प्रमुख मार्गों और स्वागत स्थलों पर तैयारियां की हैं। पुलिस लाइन के सामने महिलाओं की मौजूदगी भी इसी स्वागत अभियान का हिस्सा रही।
इस दौरान स्टांप व पंजीयन विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल ने कहा कि आज महिलाएं सशक्त हो रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस बार अरविंद टैक्सटाइल्स मिल का उद्घाटन करेंगे, जहां हजारों महिलाओं को रोजगार मिलेगा और महिलाएं सशक्त होंगी। उन्होंने कहा कि अगर एक महिला रोजगार पाती है तो वह अपने परिवार का भरण पोषण करेंगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री एयर शो में भी भाग लेंगे जहां पर जगह-जगह स्वागत द्वारा बनाया गया है। लोग अपने प्रधानमंत्री का स्वागत करेंगे। उन्होंने बताया कि 12 स्थान पर स्वागत द्वारा बनाया गया है जहां पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत किया जाएगा।
मेयर अशोक तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री जब भी काशी आते हैं तो काशीवासियों के लिए सौगात लेकर आते हैैं। इस बार पीएम ने अरविंद टेक्सटाइल्स मिल की सौगात दी है। निश्चित तौर पर इससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि हमसभी ने कभी कल्पना भी नहीं की थी कि काशी में वायुसेना का एयर शो होगा, लेकिन मोदी हैं तो मुमकिन है। काशीवासियों को वायुसेना का शौर्य देखने का अवसर मिल रहा है। इससे पूरी काशी में उल्लास और उत्सव का माहौल है।

