वाराणसी से बहला-फुसलाकर युवती को ले गया अंबेडकर नगर, जबरन धर्म परिवर्तन व दुष्कर्म का आरोप, आरोपी गिरफ्तार
वाराणसी। सिगरा थाना क्षेत्र निवासी युवती को य़ुवक बहला-फुसलाकर अपने साथ अंबेडकर नगर ले गया। वहां ले जाकर जबरन धर्म परिवर्तन कराया गया। वहीं युवती को होटल में ले जाकर दुष्कर्म के आऱोप भी लगे हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है और युवती को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
वाराणसी के सिगरा थाना क्षेत्र की रहने वाली एक हिंदू युवती को एक मुस्लिम युवक अपने झांसे में लेकर वाराणसी से अंबेडकर नगर ले गया। आरोप है कि वहां उसे एक मजार पर ले जाकर नशीला पदार्थ पिलाया गया, जिससे वह असहाय स्थिति में आ गई। इसी दौरान युवक ने उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया और उसका नाम बदलकर फर्जी दस्तावेज भी तैयार कर लिए।

बताया जा रहा है कि आरोपी ने इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर एक होटल में कमरा लिया, जहां युवती के साथ दुष्कर्म किया गया। इसके बाद युवक उसे शादी के लिए कचहरी भी ले गया। लेकिन अंबेडकर नगर कचहरी परिसर में युवती ने मौका पाकर शोर मचाया और अपनी आपबीती लोगों को बताई, जिससे पूरे मामले का खुलासा हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और वाराणसी पुलिस की टीम ने अंबेडकर नगर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। युवती को सुरक्षित बरामद कर मेडिकल जांच के बाद उसके परिवार को सौंप दिया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस मामले में कोई और व्यक्ति शामिल था या नहीं।

