मिर्जामुराद में रिंग रोड ओवरब्रिज पर हादसा, वाहन की टक्कर से महिला की मौत
वाराणसी। मिर्जामुराद क्षेत्र में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना मेंहदीगंज स्थित रिंग रोड ओवरब्रिज पर हुई। शनिवार शाम करीब सात बजे लगभग 42 वर्षीय एक अज्ञात महिला पैदल ओवरब्रिज से गुजर रही थी। इसी दौरान रखौना से हरहुआ की ओर जा रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने महिला को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद आसपास मौजूद राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फिलहाल पुलिस मृतका की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है। साथ ही दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही वाहन और चालक की पहचान कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

