राजातालाब में एंबुलेंस की टक्कर से महिला की मौत, परिजनों ने किया हंगामा
वाराणसी। राजातालाब थाना क्षेत्र के कोईली पुल के पास राजातालाब–जख्खिनी मार्ग पर शनिवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। जंसा थाना क्षेत्र के रैसीपुर निवासी प्रियंका सिंह उर्फ पिंकी (40) को तेज रफ्तार एंबुलेंस ने टक्कर मार दी, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई। महिला को तत्काल जख्खिनी सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना से आक्रोशित परिजनों जख्खिनी पुलिस चौकी पर शव रखकर हंगामा किया। पुलिस ने किसी तरह समझाकर शांत कराया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला ऑटो से जख्खिनी क्षेत्र के सीहोरवा दक्षिणी गांव अपने बीमार भतीजे को देखने जा रही थीं। इसी दौरान सामने से आ रही एंबुलेंस ने ऑटो को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल महिला को तुरंत जख्खिनी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
लोगों की मानें टक्कर मारने वाली एंबुलेंस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जख्खिनी से संबद्ध बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतका के दो बच्चे हैं। परिवार और गांव में शोक की लहर फैल गई। गुस्साए परिजन महिला का शव लेकर जख्खिनी पुलिस चौकी पहुंच गए और मुआवजे सहित अन्य मांगों को लेकर हंगामा करने लगे। स्थिति तनावपूर्ण होती देख राजातालाब थाने समेत आसपास के थानों की पुलिस मौके पर पहुंची।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उपजिलाधिकारी राजातालाब शांतुन कुमार सिनसिनवार और एसीपी राजातालाब अजय कुमार श्रीवास्तव भी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों से वार्ता कर उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई और सहायता का आश्वासन दिया, जिसके बाद मामला शांत हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, एंबुलेंस चालक के खिलाफ जांच की प्रक्रिया जारी है। हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों की लापरवाही और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

