'राम मंदिर में जो चोरी करेगा, अखिलेश यादव का धनुष उसे धराशायी करेगा', सपा सुप्रीमो के जन्मदिन से पहले बनारस में लगा पोस्टर बना चर्चा का विषय
वाराणसी। समाजवादी पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के जन्मदिन (1 जुलाई) से पहले मंगलवार रात वाराणसी में लगाए गए एक पोस्टर ने राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज कर दी है। लहुराबीर से कचहरी के बीच करीब एक दर्जन स्थानों पर लगाए गए इन पोस्टरों में अखिलेश यादव को धनुष-बाण के साथ दर्शाया गया है। पोस्टर पर लिखा गया संदेश—"राम मंदिर में जो चोरी करेगा, अखिलेश यादव का धनुष उसे धराशायी करेगा" लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर रहा है।

जन्मदिन की शुभकामनाओं के साथ दिया गया राजनीतिक संदेश
यह पोस्टर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता मनोज यादव उर्फ गोलू और शुभम यादव (बसंत बहार) की ओर से लगाए गए हैं। पोस्टरों में अखिलेश यादव को जन्मदिन की शुभकामनाएं देने के साथ एक राजनीतिक संदेश भी दिया गया है। पोस्टर लगने के बाद राहगीरों के बीच इसकी चर्चा शुरू हो गई है, वहीं सोशल मीडिया पर भी इसकी तस्वीरें तेजी से साझा की जा रही हैं।
कई प्रमुख स्थानों पर लगाए गए पोस्टर
जानकारी के अनुसार, लहुराबीर से कचहरी मार्ग के बीच करीब दर्जनभर स्थानों पर ये पोस्टर लगाए गए हैं। सड़क से गुजरने वाले लोग इन्हें पढ़ते और तस्वीरें लेते नजर आए। पोस्टरों का संदेश राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा का विषय बना हुआ है।
पोस्टर में दिखीं कई स्थानीय हस्तियां
पोस्टर में समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं दिवंगत नेता मुलायम सिंह यादव की तस्वीर भी लगाई गई है। इसके साथ ही स्थानीय सपा कार्यकर्ता मनोज यादव उर्फ गोलू और उनके समर्थकों की तस्वीरें भी पोस्टर में शामिल की गई हैं। फिलहाल यह पोस्टर शहर में चर्चा का केंद्र बने हुए हैं और इन पर विभिन्न राजनीतिक प्रतिक्रियाओं का इंतजार किया जा रहा है।

