वाराणसी के स्वच्छता मॉडल से प्रभावित हुए पश्चिम बंगाल के नगर विकास मंत्री, स्मार्ट सिटी और वेस्ट मैनेजमेंट व्यवस्था को सराहा
वाराणसी। पश्चिम बंगाल के नगर विकास मंत्री उमेश राय ने सोमवार को वाराणसी नगर निगम की स्वच्छता व्यवस्था और स्मार्ट सिटी मॉडल का निरीक्षण किया। सिगरा स्थित स्मार्ट सिटी कमांड एंड कंट्रोल सेंटर पहुंचकर उन्होंने शहर की निगरानी प्रणाली, कचरा प्रबंधन और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं का विस्तृत अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने वाराणसी के स्वच्छता मॉडल की सराहना करते हुए इसे अन्य शहरों के लिए भी प्रेरणादायक बताया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल से मुलाकात कर नगर निगम की कार्यप्रणाली की जानकारी ली। उन्होंने यह जानने का प्रयास किया कि वाराणसी ने स्वच्छता और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के क्षेत्र में किस प्रकार उल्लेखनीय सुधार हासिल किए हैं। अधिकारियों ने उन्हें गीले और सूखे कचरे के पृथक्करण, वेस्ट-टू-चारकोल, वेस्ट-टू-एनर्जी तथा वेस्ट-टू-कंपोस्ट प्लांट के संचालन और उनकी कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी।
स्मार्ट सिटी कमांड एंड कंट्रोल सेंटर में मंत्री ने सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से शहर की ट्रैफिक व्यवस्था और विभिन्न क्षेत्रों की लाइव निगरानी प्रणाली का भी अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि वाराणसी में स्वच्छता और तकनीक का बेहतर समन्वय देखने को मिला है, जिससे नागरिकों को सुविधाएं अधिक प्रभावी ढंग से उपलब्ध कराई जा रही हैं।
इस अवसर पर महापौर अशोक कुमार तिवारी ने नगर निगम के अभिनव व्हाट्सएप चैटबॉट सिस्टम की जानकारी भी साझा की। उन्होंने बताया कि पायलट परियोजना के तहत फिलहाल शहर के 25 वार्डों में कूड़ा उठान सहित 14 प्रकार की नागरिक समस्याओं का समाधान औसतन चार घंटे के भीतर किया जा रहा है। इस पहल से शिकायत निस्तारण की प्रक्रिया तेज और अधिक पारदर्शी बनी है।
इससे पूर्व स्मार्ट सिटी सभागार में महापौर ने पश्चिम बंगाल के नगर विकास मंत्री का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल, उपसभापति नरसिंह दास, कार्यकारिणी सदस्य प्रवीण राय, मदन मोहन तिवारी, अशोक मौर्य, माधुरी सिंह, सुशीला, इंद्रारानी, राजकपूर चौधरी, गोविंद प्रसाद सिंह, संजय कुमार केशरी, बलराम कन्नौजिया, संदीप रघुवंशी, अमरदेव यादव, मदन मोहन दुबे सहित नगर निगम के अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

