रामनगर से नमो घाट तक चलेगी वाटर मेट्रो, केंद्र सरकार ने परियोजना को दी मंजूरी
वाराणसी। काशी में अब गंगा में वाटर मेट्रो सेवा शुरू होगी। केंद्र सरकार ने रामनगर से नमो घाट के बीच वाटर मेट्रो परियोजना को मंजूरी दे दी है। यह परियोजना केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्रालय के अंतर्गत भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (आईडब्ल्यूएआई) द्वारा संचालित की जाएगी।
परियोजना के तहत रामनगर से नमो घाट तक वाटर मेट्रो का संचालन किया जाएगा। इसके लिए आठ स्थानों पर प्वाइंट बनाए जाएंगे। विभाग की ओर से जेटी, स्टेशन, चार्जिंग प्वाइंट और अन्य जरूरी सुविधाओं के लिए स्थान चिन्हित करने का कार्य शुरू कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि आईडब्ल्यूएआई की सहायक कंपनी कोचीन मेट्रो रेल लिमिटेड ने परियोजना का सर्वेक्षण पूरा कर लिया है।
वाटर मेट्रो सेवा शुरू होने के बाद यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। इससे वाराणसी आने वाले पर्यटकों को गंगा में नौका विहार का नया अनुभव मिलेगा। साथ ही सड़क यातायात पर दबाव कम करने में भी यह परियोजना सहायक साबित होगी। परियोजना के तहत वाराणसी के साथ-साथ अयोध्या और प्रयागराज को भी शामिल किए जाने की योजना है। माना जा रहा है कि यह पहल धार्मिक पर्यटन और जल परिवहन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

