भटकी युवा पीढ़ी को शास्त्रों के जरिए सद्मार्ग दिखाएगा व्यास संघ, अखिल भारतीय व्यास संघ के अधिवेशन में धर्मांतरण समेत कई मुद्दों पर मंथन

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। अखिल भारतीय व्यास संघ के अधिवेशन में काशी के संतों ने धर्म और सनातन परंपरा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। अधिवेशन में विशेष रूप से जेनरेशन जेड (Gen Z) के युवाओं को धर्म, संस्कृति और शास्त्रों से जोड़ने, धर्मांतरण के मामलों को रोकने तथा धार्मिक ग्रंथों के अपमान की घटनाओं पर कानूनी कार्रवाई जैसे विषयों पर मंथन हुआ। संतों ने इन मुद्दों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक पत्र के माध्यम से पहुंचाने का निर्णय लिया।

अधिवेशन में संतों ने कहा कि आधुनिक दौर में युवा पीढ़ी के एक वर्ग को भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं से जोड़ने के लिए धार्मिक ग्रंथों और व्यास पीठ के माध्यम से प्रयास किए जाने की आवश्यकता है। संतों का कहना था कि शास्त्रों में निहित मूल्यों और शिक्षाओं को युवाओं तक सरल तरीके से पहुंचाकर उन्हें सद्मार्ग की ओर प्रेरित किया जा सकता है।

123

अखिल भारतीय व्यास संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगतगुरु बालक देवाचार्य ने कहा कि भटके हुए Gen Z को व्यास के माध्यम से सद्मार्ग पर लाने का प्रयास किया जाएगा। धर्मांतरण के मामलों को रोकने के लिए भी प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि धार्मिक ग्रंथों को फाड़ने या जलाने जैसी घटनाओं के खिलाफ कानूनी स्तर पर कार्रवाई सुनिश्चित कराने की दिशा में काम किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि संतों और सनातन परंपरा को विभिन्न तरीकों से बदनाम करने के प्रयास किए जा रहे हैं। ऐसे मामलों में जो कार्य शासन और प्रशासन के स्तर से संभव होंगे, उनके लिए सरकार से कार्रवाई की मांग की जाएगी। वहीं, व्यास पीठ के माध्यम से किए जाने वाले कार्यों को संत समाज स्वयं आगे बढ़ाएगा। अधिवेशन में संतों ने कहा कि धर्म और धार्मिक परंपराओं से जुड़े मामलों में कानून के दायरे में कार्रवाई होनी चाहिए। धार्मिक ग्रंथों के अपमान और सनातन परंपरा से जुड़े विवादित मामलों को लेकर संबंधित संस्थाओं और प्रशासन के समक्ष विषय उठाने पर भी सहमति बनी।

संतों ने अधिवेशन में हुई चर्चाओं और प्रस्तावों को संकलित कर प्रधानमंत्री को पत्र भेजने का निर्णय लिया। इसमें युवा पीढ़ी को धार्मिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने, धर्मांतरण रोकने और धार्मिक ग्रंथों के अपमान से जुड़े मामलों में कानूनी कार्रवाई सहित विभिन्न मुद्दों को शामिल किया जाएगा।

Share this story