वाराणसी में वोटर लिस्ट को त्रुटिरहित बनाने की कवायद, 9.49 लाख में से 64% वोटरों को नोटिस, 28 मार्च तक दावा-आपत्ति का मौका
वाराणसी। विधानसभा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत जिले में व्यापक स्तर पर कार्रवाई की जा रही है। जिले के कुल 9.49 लाख मतदाताओं में से करीब 64 प्रतिशत, यानी लगभग छह लाख मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं। निर्वाचन आयोग की इस पहल का उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित और पारदर्शी बनाना है। वर्ष 2003 की मतदाता सूची के बाद जोड़े गए नामों की विशेष रूप से जांच की जा रही है। एसआईआर से पहले जिले में मतदाताओं की संख्या 31 लाख 53 हजार 705 थी, जबकि एसआईआर के बाद 5 लाख 73 हजार 203 वोटरों के नाम हटाए गए थे।
नोटिस में तीन बिंदुओं पर विशेष फोकस
जारी नोटिस में तीन प्रमुख बिंदुओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पहला, पिता और पुत्र के बीच उम्र का न्यूनतम 15 वर्ष का अंतर होना चाहिए। दूसरा, एक ही घर में दर्ज मतदाताओं के नाम और उम्र में विसंगतियां। तीसरा, बोली-चाल की त्रुटियों के कारण नामों में हुई गड़बड़ियां। इन बिंदुओं के आधार पर संबंधित मतदाताओं से स्पष्टीकरण मांगा जा रहा है।
28 मार्च तक दावा-आपत्ति, 10 अप्रैल को अंतिम प्रकाशन
निर्वाचन विभाग ने 28 मार्च तक दावा और आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तिथि निर्धारित की है। इसके बाद 10 अप्रैल को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि सभी शिकायतों और आपत्तियों का निस्तारण नियमानुसार किया जाएगा।
मतदाताओं को समझाना चुनौतीपूर्ण
बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) का कहना है कि तार्किक विसंगतियों के आधार पर नोटिस जारी किए गए हैं, लेकिन कई बार मतदाताओं को समझाना चुनौतीपूर्ण हो जाता है। कुछ लोग सहयोग करते हैं, जबकि कुछ नाराजगी भी जताते हैं। विभाग का कहना है कि बिना उचित जांच के किसी का नाम नहीं काटा जाएगा।
विधानसभा क्षेत्रों में नोटिस की स्थिति
जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में भी बड़ी संख्या में नोटिस जारी किए गए हैं। पिंडरा, अजगरा, शिवपुर, रोहनिया, उत्तरी, दक्षिणी, कैंट और सेवापुरी क्षेत्रों में हजारों मतदाताओं को नोटिस भेजे गए हैं। प्रशासन का दावा है कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी ढंग से संचालित की जा रही है।
उद्देश्य: त्रुटिरहित मतदाता सूची
निर्वाचन आयोग का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध और अद्यतन बनाना है, ताकि भविष्य के चुनावों में किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो। अधिकारियों ने मतदाताओं से अपील की है कि वे समय रहते अपने दस्तावेज प्रस्तुत कर सूची में आवश्यक संशोधन कराएं।

