पुलिसकर्मियों का डांस देखते वीडियो वायरल, डीसीपी ने बताया AI जनरेटेड, बोले-दुष्प्रचार करने वालों पर होगी कार्रवाई

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। लाटभैरव के आयोजन में महिला डांसरों का डांस देखते और वीडियो बनाते पुलिसकर्मियों का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद डीसीपी काशी जोन गौरव बंशवाल ने स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने वीडियो को एआई जनरेटेड बताया। साथ ही कहा कि जिन लोगों ने पुलिस की छवि खराब करने की कोशिश की है, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मामले में आदमपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। 

123

डीसीपी ने बताया कि वास्तव में मंच पर कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था। जांच में पता चला कि वीडियो AI की मदद से तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि वीडियो को पुलिस विभाग की छवि खराब करने के उद्देश्य से प्रसारित किए जाने की बात सामने आई है। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी थीं। मामला पुलिस अधिकारियों के संज्ञान में पहुंचने के बाद इसकी पड़ताल की गई। पुलिस की ओर से लोगों से भी सोशल मीडिया पर प्रसारित किसी वीडियो को बिना सत्यापन के वास्तविक घटना मानकर साझा नहीं करने की अपील की गई है।

डीसीपी ने कहा कि भ्रामक अथवा फर्जी सामग्री के जरिए पुलिस की छवि खराब करने का प्रयास करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि वीडियो को प्रसारित करने वाले व्यक्ति या लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। जांच के आधार पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Share this story