गंगा में नाव पर शराब पार्टी का वीडियो वायरल, एसीपी बोले-सभी पहलुओं की जांच कर की जाएगी कार्रवाई 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। गंगा में नाव पर शराब पार्टी का वीडियो वायरल होने के बाद कमिश्नरेट पुलिस हरकत में आ गई है। पुलिस ने वायरल वीडियो से जुड़े सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। जांच के प्रकाश में आए तथ्यों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की बात कही जा रही है। फिलहाल, मामले को लेकर कोई प्रार्थना पत्र अथवा शिकायत पुलिस को नहीं मिली है। 

एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि नाविक समाज की ओर से हर साल दशाश्वमेध घाट स्थित शीतला माता मंदिर से मिर्जापुर के अदलहाट स्थित बड़ी शीतला माता मंदिर तक शोभायात्रा निकाली जाती है। माझी समाज के लोग यहां से दोपहर में शोभायात्रा निकालते हैं, जो शाम तक वहां पहुंचती है। रात में पूजा आदि करने के बाद वहीं विश्राम करते हैं, दूसरे दिन दोपहर बाद अपने गंतव्य को रवाना होते हैं। 

वायरल वीडियो मिर्जापुर का भी हो सकता है। वायरल वीडियो के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। वीडियो रात में शूट किया गया है। जांच में जो भी तथ्य प्रकाश में आएंगे, उसके आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।

Share this story