गंगा में नाव पर इफ्तार पार्टी का वीडियो वायरल, नानवेज खाकर धार्मिक भावनाएं आहत होने के आरोप में मुकदमा
वाराणसी। गंगा में नाव पर सवार होकर इफ्तार पार्टी किए जाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। मामले में कोतवाली पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वायरल वीडियो में कुछ युवक नाव पर बैठकर इफ्तार करते हुए नजर आ रहे हैं। आरोप है कि इस दौरान उन्होंने नॉनवेज खाया है और उसके अवशेष गंगा नदी में फेंक दिए, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। इस मामले में भारतीय जनता युवा मोर्चा के महानगर अध्यक्ष रजत जायसवाल ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि इफ्तार पार्टी के दौरान नाव पर बिरयानी खाई गई और उसकी हड्डियां गंगा में प्रवाहित कर दी गईं। शिकायतकर्ता का कहना है कि गंगा नदी करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है, जहां देश-विदेश से प्रतिदिन श्रद्धालु पहुंचते हैं और गंगा जल को पवित्र मानते हैं। ऐसे में इस तरह का कृत्य निंदनीय है और इससे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि यह कृत्य जानबूझकर किया गया, ताकि धार्मिक भावनाओं को आहत किया जा सके। साथ ही संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने, उन्हें गिरफ्तार करने और नाव चालक का लाइसेंस रद्द करने की मांग की गई है।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 298, 299, 196(1)(b), 270, 279, 223(b) के साथ ही जल (प्रदूषण निवारण एवं नियंत्रण) अधिनियम 1974 की धारा 24 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो की जांच कर आरोपियों की पहचान की जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

