प्राथमिक विद्यालय में बच्चों से कराई गई सफाई, वीडियो वायरल, बीएसए ने बैठाई जांच 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। जिले के चोलापुर थाना क्षेत्र स्थित जगदीश प्राथमिक विद्यालय से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। वायरल वीडियो में विद्यालय के छोटे-छोटे बच्चों से झाड़ू लगवाते हुए दिखाया जा रहा है, जिसे लेकर अभिभावकों और सामाजिक संगठनों में गहरी नाराजगी देखी जा रही है। मामला संज्ञान में आने के बाद बीएसए ने जांच बैठा दी है। 

123

घटना विद्यालय परिसर के अंदर की बताई जा रही है, जहां कक्षा में पढ़ने वाले बच्चों से साफ-सफाई कराई जा रही थी। वीडियो में यह भी दावा किया जा रहा है कि यह कार्य सहायक अध्यापिका की मौजूदगी में कराया गया। बच्चों से पढ़ाई के समय सफाई कराना शिक्षा विभाग के नियमों के विरुद्ध माना जाता है, जिसको लेकर मामला और गंभीर हो गया है।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही बेसिक शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए तत्काल जांच के आदेश दे दिए हैं। बीएसए ने स्पष्ट किया है कि बच्चों से इस तरह का कार्य कराना पूरी तरह से अनुचित है और यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित शिक्षकों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Share this story